मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित
आईआईटी, एम्स, आईआईएम, एनआईटी सहित प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
बालोद, 01 अक्टूबर 2026
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली एवं निम्न आय वर्ग के विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित व्यावसायिक संस्थानों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। पात्र विद्यार्थी 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
इन संस्थानों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
योजना के तहत आईआईटी, एम्स, आईआईएम, एनआईटी, एनएलयू, एमबीबीएस, आईआईआईटी सहित सहित राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित होकर प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना आवश्यक है। आवेदक छत्तीसगढ़ की अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल होना चाहिए। इसके साथ ही संबंधित प्रतिष्ठित संस्थान में चयन एवं प्रवेश का प्रमाण उपलब्ध होना आवश्यक है। विद्यार्थी के माता-पिता या पालक की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। शासकीय कर्मचारियों के बच्चे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। हालांकि, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बच्चे योजना का लाभ ले सकते हैं।
ऑफलाइन जमा करना होगा आवेदन
पात्र विद्यार्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से अथवा स्वयं उपस्थित होकर अपने गृह जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन का प्रारूप संबंधित जिले के सहायक आयुक्त कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही विभागीय पोर्टल एकलव्य विभागीय पोर्टल ीजजचेरूध्ध्मासंअलंण्बहण्दपबण्पद से भी आवेदन प्रारूप डाउनलोड किया जा सकता है।
30 अक्टूबर के बाद प्राप्त आवेदनों पर नहीं होगा विचार
विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन जमा करने की अपील की गई है। 30 अक्टूबर 2026 के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। विद्यार्थियों और अभिभावकों से योजना की पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी लेकर समय-सीमा के भीतर आवेदन करने कहा गया है।