छत्तीसगढ़ / बालोद

सेवा संकल्प अभियान : ‘जल जन सेवा संकल्प’ अभियान अंतर्गत तांदुला नहर तट और गंगा मैया मंदिर परिसर में हुआ वृहद स्वच्छता अभियान

 01 दिन, 01 घंटा, एक साथ’ श्रमदान कर बनाई गई  मानव श्रृंखला स्वच्छता की दिलाई गई शपथ

बालोद, 01 अक्टूबर 2026

 कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में जिले में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘जल जन सेवा संकल्प 2026’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता तथा जल संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान ‘01 दिन, 01 घंटा, एक साथ’ महाश्रमदान की थीम पर आस्था के प्रमुख केंद्र गंगा मैया मंदिर परिसर झलमला एवं जीवनदायिनी तांदुला नहर क्षेत्र में सघन साफ-सफाई, कचरा संग्रहण और उसका समुचित निपटान कर नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया गया।

तांदुला नहर तट पर सफाई एवं जेएसजेबी 3.0 की मानव श्रृंखला निर्माण

‘जल जन सेवा संकल्प 2026’ के तहत झलमला स्थित तांदुला नहर तट पर वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों द्वारा जल संरक्षण का संदेश देते हुए ‘जे.एस.जे.बी. 3.0’ (जल शक्ति अभियान: कैच द रेन) की भव्य मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया। उल्लेखनीय है कि जल संरक्षण के क्षेत्र में बालोद जिले का पूर्व में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है। ‘जे.एस.जी.बी. 1.0’ में राष्ट्रीय स्तर पर पूर्वीय जोन में बालोद जिले को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था, जिसके लिए जिले को महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया था। वहीं ‘जे.एस.जी.बी. 2.0’ में जिले ने देश के शीर्ष 10 जिलों में अपना स्थान बनाया था।

गंगा मैया मंदिर प्रांगण में स्वच्छता श्रमदान एवं दिलाई गई शपथ

‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के अंतर्गत गंगा मैया मंदिर झलमला के प्रांगण में विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने के उपरांत उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। कलेक्टर ने सभी से अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को आदत बनाने और अपने परिवेश को सदैव स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

स्वच्छता हमारी सामूहिक जिम्मेदारी: कलेक्टर श्रीमती मिश्रा

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।’ उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सुंदर बालोद के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिलेवासियों में स्वच्छता के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना तथा जलस्रोतों के संरक्षण व संवर्धन को जन-आंदोलन का रूप देना है।
इस वृहद अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम में जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री पवन साहू, श्री राकेश छोटू यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, तहसीलदार सुश्री संध्या नामदेव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस के वांलिटियर्स, स्काउट-गाइड्स, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image