छत्तीसगढ़ / बालोद

सेवा संकल्प अभियान: बालोद और दल्लीराजहरा में ’सेवा सेतु शिविर’ की तिथियों और स्थानों में संशोधन, कलेक्टर ने दिए निर्देश

 राज्य शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित ’सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आम नागरिकों को शासकीय सुविधाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए ’सेवा सेतु शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के नवीन दिशा-निर्देशों के तहत नगरपालिका परिषद बालोद एवं नगरपालिका परिषद दल्लीराजहरा में आयोजित होने वाले शिविरों की तिथियों और स्थानों में संशोधन किया गया है। नये निर्देशों के तहत अब दोनों नगर पालिकाओं में न्यूनतम दो-दो शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ उनके घर के पास ही मिल सके।

संशोधित सेवा सेतु शिविरों की समय-सारणी

       संशोधित कार्यक्रम के अनुसार नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा अंतर्गत वार्ड क्रमांक 01 से 14 तक के लिए 05 अक्टूबर 2026 को नगर पालिका कार्यालय परिसर दल्लीराजहरा में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 15 से 27 के लिए 06 अक्टूबर 2026 को गांधी चौक दुर्गा मंच के पास दल्लीराजहरा में शिविर का आयोजन होगा। इन दोनों शिविरों के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं के लिए डौंडी तहसीलदार श्री देवेन्द्र नेताम (मो. 9407704570) को नोडल अधिकारी तथा नगर पालिका दल्लीराजहरा के उप अभियंता श्री शहबाज अहमद (मो. 9399414300) को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

       वहीं नगर पालिका परिषद बालोद अंतर्गत वार्ड क्रमांक 01 से 10 के नागरिकों के लिए 05 अक्टूबर 2026 को गांधी भवन बुधवारी बाजार बालोद में सेवा सेतु शिविर संपन्न होगा। इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 11 से 20 के लिए 06 अक्टूबर 2026 को नगर पालिका परिषद बालोद (सी-मार्ट परिसर) में शिविर आयोजित किया जाएगा। इन दोनों दिवसों के शिविर हेतु नायब तहसीलदार बालोद श्री मुकेश गजेन्द्र (मो. 7096655259) को नोडल अधिकारी एवं नगर पालिका बालोद के सहायक अभियंता श्री रेख लाल सिन्हा (मो. 930048713) को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एक ही स्थान पर मिलेगा योजनाओं का लाभ

      ’सेवा सेतु शिविर - सरकार आपके द्वार’ का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी फ्लैगशिप और हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी देना, पात्र हितग्राहियों को जोड़ना तथा प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करना है। इससे नागरिकों को बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी और सेवाओं तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित होगी।
जिला व अनुविभाग स्तर पर जिम्मेदारी तय

      अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिला स्तर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी (जिला पंचायत बालोद) को नोडल अधिकारी एवं उप संचालक (पंचायत) को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अनुविभाग स्तर पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नोडल अधिकारी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी के रूप में संपूर्ण व्यवस्था एवं पर्यवेक्षण का दायित्व संभालेंगे। जिला प्रशासन द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

 

Leave Your Comment

Click to reload image