जिज्ञासा बॉक्स के जरिए बेटियां अब खुलकर कह सकेंगी मन की बात
गरियाबंद । बेटियां अपने मन की बात, समस्याओं और जिज्ञासाओं को बिना किसी संकोच के साझा कर सकें, इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में जिज्ञासा बॉक्स की स्थापना की गई है। कलेक्टर रणबीर शर्मा के आदेशानुसार, जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश के मार्गदर्शन तथा जिला मिशन समन्वयक सुश्री मनीषा वर्मा के नेतृत्व में यह पहल शुरू की गई है। जिला महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलर एवं सेंदर तथा शासकीय हाई स्कूल जिडार एवं कुल्हाड़ीघाट में जिज्ञासा बॉक्स स्थापित किए गए हैं। इन बॉक्स के माध्यम से बालिकाएं अपनी जिज्ञासाएं, प्रश्न एवं सुझाव बिना किसी संकोच के लिखकर साझा कर सकेंगी। प्राप्त जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का आवश्यकतानुसार विशेषज्ञों और परामर्शदाताओं के माध्यम से निराकरण करते हुए उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य किशोरियों में स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर, साइबर सुरक्षा, आत्मरक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल अधिकार एवं महिला अधिकार जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें अपनी बात रखने के लिए सुरक्षित एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराना है। जिज्ञासा बॉक्स के माध्यम से बालिकाओं में अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास एवं निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ावा देने के साथ उनकी समस्याओं को समझकर समय पर उचित मार्गदर्शन प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग के महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब) द्वारा विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों से अपील की गई है कि वे बालिकाओं एवं किशोरियों को जिज्ञासा बॉक्स के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करें तथा प्राप्त जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का संवेदनशीलता और गोपनीयता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें।