’खोरखोसा में ‘सेवा सेतु’ शिविर में उमड़ा जनसैलाब, एक ही मंच पर ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ’
सांसद श्री महेश कश्यप ने हितग्राहियों को सौंपी आवास की चाबियां, स्वामित्व अधिकार अभिलेख और अन्य योजनाओं की सौगात’
’आयुष्मान कार्ड से स्वास्थ्य सुरक्षा, स्वामित्व योजना से मिला अधिकार, छात्राओं को मिली साइकिल’
रायपुर, 04 अक्टूबर 2026

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीणों तक सहजता से पहुंचाने के उद्देश्य से बस्तर जिले के ग्राम खोरखोसा में वृहद ‘सेवा सेतु’ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया। बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शिविर में शामिल हुए और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया।
सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि शासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से प्रशासन स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ रहा है।
’5 परिवारों को मिली पक्के आवास की चाबी’
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 5 पात्र परिवारों को उनके पूर्ण आवासों की चाबियां सौंपी गईं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 4 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 10 ग्रामीणों को आयुष्मान भारत कार्ड तथा 2 किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित दस्तावेज प्रदान किए गए।
’स्वामित्व योजना से 12 हितग्राहियों को मिले अधिकार अभिलेख’
ग्रामीणों के संपत्ति संबंधी अधिकारों को सुदृढ़ करने की दिशा में स्वामित्व योजना के अंतर्गत 12 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख सौंपे गए। वहीं बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने और छात्राओं के विद्यालय आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से पात्र छात्राओं को साइकिलों का वितरण भी किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याओं एवं आवेदनों के निराकरण की कार्रवाई की। ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागीय सेवाएं उपलब्ध होने से सुविधा मिलने की बात कही।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री संतोष बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। शिविर में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।