सेवा संकल्प अभियान के तहत जगदलपुर में 7 अक्टूबर को लगेगा निःशुल्क दिव्यांग शिविर
उत्तर बस्तर कांकेर । सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 05 से 07 अक्टूबर 2026 तक क्रीड़ा परिसर धरमपुरा, जगदलपुर में निःशुल्क विशाल दिव्यांग शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
कांकेर जिले के पात्र दिव्यांगजनों को 07 अक्टूबर को जगदलपुर स्थित शिविर में लाभान्वित किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला पंचायत सीईओ हरेश मण्डावी के साथ प्रेसवार्ता लेकर मीडिया को दिव्यांगजन शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए जिले के दिव्यांगजनों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। बताया गया कि दिव्यांगजन शिविर में तीन वर्ष से अधिक पुराने कृत्रिम अंगों को बदलने के साथ पात्र हितग्राहियों को कृत्रिम हाथ, पैर एवं कैलिपर्स उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा ट्राईसायकल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, छड़ी सहित अन्य उपयोगी सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से नक्सल मुक्त क्षेत्रों के पात्र दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया जा रहा है। शिविर में आने वाले हितग्राहियों को आधार कार्ड की प्रति एवं दो पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ दिव्यांगता प्रमाण-पत्र लाना होगा। अधिक से अधिक दिव्यांगजनों का पंजीयन कर उन्हें शासन की सुविधाओं से जोड़ना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
कांकेर जिले के सात विकासखण्डों से हितग्राही होंगे लाभान्वित
शिविर में कांकेर जिले के अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, चारामा, दुर्गूकोंदल, कांकेर, कोयलीबेड़ा एवं नरहरपुर विकासखण्डों से दिव्यांगजन शामिल होंगे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार अंतागढ़ से 35, भानुप्रतापपुर से 44, चारामा से 76, दुर्गूकोंदल से 93, कांकेर से 72, कोयलीबेड़ा से 17 तथा नरहरपुर से 59 दिव्यांगजनों को शिविर में लाभान्वित किया जाना है, इसके अलावा भी दिव्यंागजनों को उक्त शिविर में लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। दिव्यांगजनों को शिविर स्थल तक जगदलपुर ले जाने एवं लाने के लिए जिले से 31 वाहनों की व्यवस्था की गई है, दिव्यांगजनों की सहायता के लिए सहायक भी नियुक्त किए गए हैं। शिविर में कृत्रिम अंग वाले 110 हितग्राहियों तथा सहायक उपकरण के लिए 290 हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। इनमें ट्राईसायकल 94, व्हीलचेयर 55, श्रवण यंत्र 52, बैसाखी 35, कैलिपर्स 10, छड़ी 21, वॉकर 23 सहित अन्य उपकरण प्रदान किए जाएंगे।