सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी : सौर सुजला योजना से किसान ललिता बाई साहू को मिली सिंचाई की सुविधा, खेती की लागत में हो रही बचत
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आमजन की सेवा की कहानी सामने आ रही हैं। क्रेडा विभाग अंतर्गत संचालित सौर सुजला योजना के अंतर्गत किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सोलर पंप प्रदान किए जा रहे हैं। योजना का उद्देश्य किसानों को सिंचाई के लिए सौर सुजला योजना अंतर्गत सोलर पंप की सुविधा उपलब्ध कराना है। सोलर पंप सूर्य की रोशनी से संचालित होता है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्या होने पर भी सिंचाई की सुविधा मिलती है। योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में विकासखंड सक्ती अंतर्गत ग्राम पतेरापालीकला निवासी किसान श्रीमती ललिता बाई साहू, पति श्री महेत्तर साहू को सोलर पंप की सुविधा प्राप्त हुई है। इसके लिए उन्हें विभागीय अनुदान राशि 2,48,925 रुपये का लाभ मिला है। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां बिजली की समस्या रहता है, वहां यह सोलर पंप दिनभर बिना रुकावट के सिंचाई में सहायक हो रहा है। सौर ऊर्जा से संचालित होने के कारण इससे किसी प्रकार का प्रदूषण या शोर भी नहीं होता। इससे खेती में सुविधा के साथ किसान की आय में भी वृद्धि हो रही है। हितग्राही श्रीमती ललिता बाई साहू ने बताया कि सोलर पंप लगाने से खेत में सिंचाई की सुविधा आसान हो गई है। इसे चलाने के लिए डीजल एवं बिजली की आवश्यकता नहीं होती, जिससे हर महीने का खर्च बचता है। सोलर पंप से वे लगभग 2.5 हेक्टेयर खेत की सिंचाई कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सोलर पंप मिलने से खेती में काफी सुविधा हुई है और उनकी आय में भी वृद्धि हो रही है। उन्होंने इस लाभ के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।