सेवा संकल्प अभियान: सेवा की कहानी : स्वेच्छा से श्री सनी कुमार रात्रे ने किया देहदान, जीवन के बाद भी मानवता की सेवा का लिया संकल्प
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आमजन की सेवा और समाजहित के प्रेरक उदाहरण सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत आमगांव अंतर्गत ग्राम कारीभांवर निवासी श्री सनी कुमार रात्रे ने रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में स्वेच्छा से देहदान का संकल्प लेकर मानवता की सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। श्री सनी कुमार रात्रे ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में अध्ययन करने वाले विद्यार्थी उनके शरीर से रिसर्च, अध्ययन और प्रैक्टिकल के माध्यम से नई चीजें सीखकर देश का नाम रोशन कर सकेंगे। इसी उद्देश्य से उन्होंने अपना देहदान करने का संकल्प लिया है। उन्होंने जिले के अन्य नागरिकों से भी देहदान के लिए आगे आने की अपील की। उनका यह कदम न केवल युवाओं के लिए एक नई सीख है, बल्कि समाज को यह संदेश भी देता है कि जीवन के बाद भी मानवता की सेवा की जा सकती है। श्री सनी कुमार रात्रे का यह साहसिक और परोपकारी निर्णय जिले एवं प्रदेश में देहदान के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने तथा लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित करने में सहायक होगा। श्री सनी कुमार रात्रे का यह संकल्प सेवा संकल्प अभियान की भावना को साकार करते हुए समाज के लिए प्रेरणा का ऐसा उदाहरण बन गया है, जो जीवन के बाद भी मानवता की सेवा की राह दिखाता रहेगा।