सेवा संकल्प अभियान: सेवा की कहानी : देहदान के संकल्प से जीवन के बाद भी मानवता की सेवा की राह दिखा रहे स्व. श्री घनश्याम पटेल
जिला प्रशासन द्वारा स्व. श्री घनश्याम पटेल के सुपुत्र श्री चितरंजय पटेल को दिया गया प्रशंसा प्रमाण पत्र
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आमजन की सेवा और समाजहित से जुड़ी प्रेरक कहानियां सामने आ रही हैं। इसी क्रम में विकासखंड सक्ती अंतर्गत सक्ती निवासी उच्च न्यायालय अधिवक्ता श्री चित्रंजय पटेल ने बताया कि समाज के लिए किसी भी रूप में सेवा करने वाले व्यक्तियों का सम्मान होना चाहिए, ताकि अन्य नागरिकों को भी सेवा के लिए प्रेरणा मिल सके। उन्होंने बताया कि इसी संकल्प के साथ उनके पिता सेवानिवृत्त प्राचार्य स्वर्गीय श्री घनश्याम पटेल ने देहदान किया था। श्री चित्रंजय पटेल ने बताया कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उनके पिता के स्वर्गवास के बाद उनका शव सिम्स बिलासपुर को सौंपा गया। इस पुनीत कार्य के लिए जिला प्रशासन द्वारा स्व. श्री घनश्याम पटेल के सुपुत्र श्री चितरंजय को उनके पिता के अतुलनीय योगदान के लिए प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्वर्गीय श्री घनश्याम पटेल का यह साहसिक एवं परोपकारी निर्णय जिले एवं प्रदेश में देहदान के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने तथा लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित करने में सहायक होगा। उनका यह संकल्प सेवा संकल्प अभियान की भावना को साकार करते हुए समाज के लिए प्रेरणा का ऐसा उदाहरण बन गया है, जो जीवन के बाद भी मानवता की सेवा की राह दिखाता रहेगा।