सेवा संकल्प अभियान के तहत 9 अक्टूबर को गरियाबंद में रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जनपद पंचायत गरियाबंद सामुदायिक भवन में होगा आयोजन
गरियाबंद, 08 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 9 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को सामुदायिक भवन जनपद पंचायत गरियाबंद में किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। जनपद पंचायत गरियाबंद द्वारा जिलेवासियों से शिविर में सहभागिता कर रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच का लाभ लेने की अपील की गई है। शिविर में रक्तदान के साथ विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रतिभागियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जांच की जाएगी। इसके अलावा चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। शिविर में आवश्यकता के अनुसार दवाइयों का वितरण भी किया जाएगा। इस प्रकार एक ही स्थान पर रक्तदान के साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जांच एवं परामर्श उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह शिविर ‘रक्तदान महादान’ की भावना को बढ़ावा देने के साथ स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं नियमित स्वास्थ्य जांच से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान एवं उचित परामर्श प्राप्त करने में सहायता मिलती है। जनपद पंचायत सीईओ गरियाबंद ने जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने तथा स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लेने की अपील की है।