छत्तीसगढ़ / मोहला मानपुर चौकी

किसानों की सुविधा और उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करें : कलेक्टर तनुजा

 मोहला । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर आज जिला कार्यालय के वीसी कक्ष में कलेक्टर तनुजा सलाम ने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में धान उपार्जन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा करते हुए विस्तृत कार्ययोजना की जानकारी ली।

कलेक्टर ने जिले में धान खरीदी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए किसान पंजीयन, उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था, धान खरीदी समितियों की तैयारियों सहित उपार्जन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी धान उपार्जन केंद्रों में साफ-सफाई, पेयजल, छांव, किसानों के बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने उपार्जन केंद्रों के लिए निर्धारित स्थानों एवं वहां की व्यवस्थाओं का समय रहते निरीक्षण कर कमियों को दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

बैठक में जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों एवं संबंधित समितियों की तैयारियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी व्यवस्था सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संचालित हो, यह सुनिश्चित किया जाए। किसान पंजीयन से संबंधित कार्यों को भी समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला विपणन अधिकारी, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, उप पंजीयक सहकारिता, प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम एवं मंडी सचिव बांधाबाजार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave Your Comment

Click to reload image