छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

जिला चिकित्सालय सूरजपुर में सीटी स्कैन सुविधा से स्वास्थ्य सेवाओं का बढ़ा दायरा, अब तक 302 मरीजों को मिला लाभ

 सूरजपुर/09 अक्टूबर 2026

जिला चिकित्सालय सूरजपुर में सीटी स्कैन सुविधा शुरू होने से जिले के मरीजों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों के लिए यह सुविधा लाभदायक साबित हो रही है। पहले सीटी स्कैन जांच कराने के लिए मरीजों को अंबिकापुर जाना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा जिला चिकित्सालय सूरजपुर में ही उपलब्ध होने से मरीजों को राहत मिल रही है।

सीटी स्कैन जांच की सुविधा से सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर चोट लगने, मस्तिष्क में रक्तस्राव या खून का थक्का बनने, स्ट्रोक एवं पैरालिसिस, कैंसर एवं ट्यूमर, छाती से संबंधित बीमारियों एवं संक्रमण, पेट संबंधी बीमारियों तथा मिर्गी जैसी स्थितियों में मरीजों की जांच करने में सहायता मिल रही है। इससे समय पर गंभीर मरीजों की बीमारी का पता लगाने और आगे के उपचार की दिशा निर्धारित करने में सुविधा हो रही है।
सीटी स्कैन सुविधा में अब तक 302 मरीजों को इस जांच का लाभ मिल चुका है। जिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. विधि भारद्वाज एवं सीटी स्कैन टेक्नीशियन अंकुश गुप्ता द्वारा मरीजों को यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

जिला चिकित्सालय में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध होने से जिले के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर जांच कराने का अवसर मिल रहा है। इससे मरीजों एवं उनके परिजनों के समय और आवागमन के खर्च में बचत हो रही है। साथ ही, गंभीर बीमारियों की पहचान एवं समय पर उपचार की प्रक्रिया को भी मजबूती मिल रही है।

उल्लेखनीय है कि 21 मई 2026 को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा जिला चिकित्सालय सूरजपुर में सीटी स्कैन सुविधा का शुभारंभ किया गया था। जिला चिकित्सालय सूरजपुर में सीटी स्कैन सुविधा का विस्तार जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. अजय मरकाम के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image