छत्तीसगढ़ / सरगुजा

लखनपुर विकासखंड में सरगुजा ओलंपिक 2026 का भव्य शुभारंभ, खिलाड़ियों में दिखा उत्साह

 दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

10 अक्टूबर तक चलेंगी प्रतियोगिताएं, विजेता खिलाड़ियों को किया जाएगा पुरस्कृत

अम्बिकापुर अक्टूबर 2026

सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में गुरुवार को विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026 का उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। कलेक्टर श्री अजीत वसंत एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में तथा जनपद पंचायत लखनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती खुशबू शास्त्री के नेतृत्व में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य श्री विजय अग्रवाल एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर किया।
सरगुजा ओलंपिक के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के पहले दिन 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक, चक्का फेंक, 4×100 मीटर रिले दौड़ तथा वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में महिला एवं पुरुष वर्ग के साथ ही जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक जैसे खेल आयोजनों से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिल रहा अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर
सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराया जा रहा है, जहां वे अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उत्साह एवं खेल भावना का परिचय दिया।
विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक की प्रतियोगिताएं 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े, श्री यतेन्द्र पांडेय, जनपद सदस्य श्रीमती नीतू झरिया, श्री चक्रभान राजवाड़े, ग्राम पंचायत पुहपुटरा के सरपंच श्री गोविंद, श्री मोहरलाल राजवाड़े, श्री विक्रम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री डी.के. गुप्ता, मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी श्री देव सिंह पैकरा, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image