छत्तीसगढ़ / कांकेर

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में लापरवाही बरतने वाले वेंडर्स पर होगी कार्रवाई : कलेक्टर

 उत्तर बस्तर कांकेर । पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले में योजना की प्रगति में तेजी लाने के उद्देश्य से आज कलेक्टर कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने योजना में प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं वेंडर्स को कार्य में तेजी लाने तथा हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन वेंडर्स द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जा रही है तथा लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण नहीं किया जा रहा है, उन्हें नोटिस जारी कर नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे वेंडर्स को भविष्य में जिले में किसी भी कार्य का आवंटन नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।

वहीं, बेहतर कार्य करने वाले वेंडर्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें मॉडल सोलर विलेज एवं यूएलए मॉडल के मॉडल प्रोजेक्ट में कार्य करने का अवसर प्रदान करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले वेंडर्स को प्रोत्साहन मिलने से योजना के क्रियान्वयन में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी तथा अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं हितग्राहियों की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।

बैठक में सोलर वेंडर्स द्वारा बैंकों में सोलर सिस्टम स्थापना के लिए वित्तीय सहायता एवं ऋण संबंधी प्रक्रियाओं में आ रही समस्याओं से भी अवगत कराया गया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित बैंक अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों के वित्तपोषण से जुड़े प्रकरणों में अनावश्यक विलंब नहीं करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों, बैंकों एवं वेंडर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक परिवार योजना का लाभ लेकर सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली बिल में बचत कर सकें।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image