छत्तीसगढ़ / बस्तर

बस्तर की बेटियों का राष्ट्रीय स्तर पर बजा डंका

 एकलव्य विद्यालय छिंदावाड़ा की दो छात्राएं नेशनल विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार क्विज 4.0 में चयनित

कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने किया सम्मानित

जगदलपुर, अक्टूबर 2026

आदिवासी बाहुल्य बस्तर अंचल की प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय पटल पर अपनी वैज्ञानिक सोच और मेधा का लोहा मनवा रही हैं। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छिंदावाड़ा दरभा की दो होनहार छात्राओं लक्ष्मी भारद्वाज कक्षा 12वीं और गौरी नाग कक्षा 10वीं ने प्रतिष्ठित श्नेशनल विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार क्विज 4.0 में चयनित होकर पूरे क्षेत्र के साथ ही राज्य का नाम रोशन किया है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन गुजरात सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत कार्यरत गुजरात विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा किया गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के सम्मानस्वरूप गुजरात सरकार की ओर से दोनों छात्राओं को विशेष पुरस्कार के रूप में टैबलेट प्रदान किए गए हैं।

               छात्राओं की इस शानदार कामयाबी पर बस्तर के कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने दोनों मेधावी छात्राओं को कलेक्ट्रेट में सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं की वैज्ञानिक जिज्ञासा और लगन की सराहना करते हुए उन्हें विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा भविष्य में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।

               यह सफलता विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाएं भी देश के शीर्ष मंचों पर अपनी चमक बिखेर सकती हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. असद अहमद, उप प्राचार्य श्री मुकुल तथा छात्राओं के मेंटर श्री राहुल वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और उनके भीतर सीखने की ललक को इस सफलता का श्रेय दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image