छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

* फिल्मी तर्ज पर "बिच्छू गैंग’बनाने वाले असामाजिक तत्व पुलिस की सलाखों पर* *पर्यटकों की सुरक्षा एवं सम्मान सर्वोपरि, सरोधा बांध में भय का वातावरण बनाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही*

कवर्धा-

कबीरधाम जिले में आम नागरिकों एवं पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक  जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवम  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  हेमसागर सिदार के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है, जो आम नागरिकों एवं पर्यटकों को डराने-धमकाने अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास करते हैं।

*पर्यटकों की सुरक्षा के प्रति सजग कबीरधाम पुलिस, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही*

सरोधा बांध कबीरधाम जिले का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। यहां आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना कबीरधाम पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पुलिस द्वारा पर्यटन स्थल पर आम नागरिकों की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्वों ने समूह बनाकर स्वयं को ‘बिच्छू गैंग’ नाम दिया था। इस समूह में लगभग सात से आठ युवक जुड़े हुए बताए गए हैं, जो सरोधा बांध आने वाले पर्यटकों को धारदार हथियार दिखाकर डराने-धमकाने तथा उनसे पैसे वसूलने जैसी गतिविधियों में संलिप्त थे। इस प्रकार की गतिविधियों से पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।

उक्त समूह से जुड़े कुछ व्यक्तियों के विरुद्ध पूर्व में भी वैधानिक कार्यवाही की जा चुकी है। इसी क्रम में दिनांक 13 अक्टूबर को सरोधा बांध के पास धारदार हथियार लेकर आम नागरिकों एवं पर्यटकों को भयभीत करने वाले तीन व्यक्तियों के विरुद्ध कबीरधाम पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।

*सूचना मिलते ही पुलिस की त्वरित कार्यवाही, धारदार हथियार लेकर घूम रहे तीन आरोपी पकड़े गए*

थाना सिटी कोतवाली पुलिस को सरोधा बांध के पास अलग-अलग व्यक्तियों द्वारा धारदार हथियार लहराकर आम नागरिकों एवं पर्यटकों को डराने-धमकाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर अलग-अलग कार्यवाहियां कीं। पुलिस टीम ने मौके पर धारदार हथियार लेकर लहरा रहे तीन व्यक्तियों को पकड़ा तथा उनके विरुद्ध संबंधित अपराधों में वैधानिक कार्यवाही की।

पुलिस की इस कार्यवाही से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि पर्यटन स्थल पर आने वाले नागरिकों को भयभीत करने, सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने अथवा असामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों की सुरक्षा प्रभावित करने वालों के विरुद्ध पुलिस तत्परता से कार्यवाही करेगी।

*गिरफ्तार  किये गए आरोपियों में*

शंकर धुर्वे पिता गणेश धुर्वे, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम छांटा, थाना पिपरिया, जिला कबीरधाम आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 470/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।

अशोक मरकाम पिता बजरहा मरकाम, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम मन्नाबेदी, थाना भोरमदेव, जिला कबीरधाम आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 471/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई एवम

 देवकुमार पटेल उर्फ गब्बर पिता उगेश पटेल, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम रौचन, थाना भोरमदेव, जिला कबीरधाम आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 469/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।

*तीनों आरोपियों से एक-एक धारदार लोहे का हथियार जप्त*

पुलिस टीम द्वारा तीनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक नग धारदार लोहे का हथियार गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जप्त कर सीलबंद किया गया। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। प्रकरणों में अग्रिम विवेचना जारी है।

*पर्यटक निश्चिंत होकर करें सरोधा बांध का भ्रमण, सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है कबीरधाम पुलिस*

कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों एवं पर्यटकों को आश्वस्त करती है कि सरोधा बांध में भ्रमण के दौरान उनकी सुरक्षा एवं सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा। पर्यटक बिना किसी भय, संकोच अथवा झिझक के यहां आकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लें। पर्यटन स्थल पर किसी भी व्यक्ति द्वारा डराने-धमकाने, धारदार हथियार दिखाकर भयभीत करने, निजी फोटो एवं वीडियो वायरल करने की धमकी देने, जबरन पैसे वसूलने अथवा अन्य असामाजिक गतिविधियों के माध्यम से परेशान किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार त्वरित वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

समूह बनाकर स्वयं को ‘बिच्छू गैंग’ नाम देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध की गई कार्यवाही यह दर्शाती है कि कबीरधाम पुलिस सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने के लिए सतर्क है। ऐसे समूह के अन्य सदस्यों तथा इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने अथवा पर्यटकों को भयभीत करने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे में लाकर उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों एवं पर्यटकों से अपील करती है कि सरोधा बांध में भ्रमण के दौरान किसी भी प्रकार की धमकी, जबरन वसूली अथवा संदिग्ध गतिविधि का सामना होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय पर आवश्यक कार्यवाही की जा सके।

कबीरधाम पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि आम नागरिकों एवं पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सरोधा बांध सहित जिले के सभी पर्यटन स्थलों पर शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है। कानून हाथ में लेने और दूसरों को भयभीत करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image