सेवा की कहानी : पक्के आवास से नंदलाल के परिवार को मिली सुरक्षा और सुकून
प्रधानमंत्री आवास योजना - ग्रामीण से पूरा हुआ सपना, पांच सदस्यीय परिवार को मिला सुरक्षित आशियाना
कोरिया 17 अक्टूबर 2026
वर्षों तक कच्चे मकान में रहने वाले ग्राम पंचायत बोड़ार के श्री नंदलाल का पक्के घर का सपना प्रधानमंत्री आवास योजनादृग्रामीण से पूरा हुआ है। खेती-किसानी से परिवार की आजीविका चलाने वाले नंदलाल के लिए सीमित आय में मकान बनाना कठिन था। योजना से मिली आर्थिक सहायता और अपनी बचत से उन्होंने पक्का आवास तैयार किया है। अब उनका पांच सदस्यीय परिवार सुरक्षित घर में सुकून से रह रहा है।
जनपद पंचायत बैकुंठपुर के ग्राम पंचायत बोड़ार निवासी श्री नंदलाल के पिता का नाम श्री सिंगारसाय है। किसान परिवार में पले-बढ़े नंदलाल ने अपना अधिकांश जीवन खेती-किसानी में बिताया। पैतृक संपत्ति में मिली कुछ कृषि भूमि और कच्चा मकान ही परिवार का सहारा थे। उनके मन में पक्का घर बनाने की इच्छा थी, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण यह पूरी नहीं हो पा रही थी।
आर्थिक सहायता से मिली निर्माण की राह
विगत वर्ष प्रधानमंत्री आवास योजना - ग्रामीण की पात्रता सूची में नंदलाल का नाम शामिल हुआ। योजना के तहत आर्थिक सहायता मिलने पर उन्होंने आवास निर्माण शुरू किया। इसमें अपनी बचत की कुछ राशि भी लगाई और परिवार के लिए पक्का मकान बनाकर तैयार किया।
आवास बनने से परिवार की एक बड़ी जरूरत पूरी हुई है। कच्चे मकान में रहने के दौरान मौसम और सुरक्षा को लेकर बनी रहने वाली चिंता से अब राहत मिली है।
परिवार को अन्य योजनाओं का भी लाभ
नंदलाल मुस्कुराते हुए बताते हैं कि पक्का मकान बनने के बाद परिवार की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता दूर हुई है। अब वे परिवार के साथ संतुष्टि से जीवन बिता रहे हैं। उनके परिवार को उज्ज्वला योजना तथा महतारी वंदन योजना का भी लाभ मिल रहा है।
नंदलाल के लिए पक्का आवास वर्षों की इच्छा पूरी होने का सुख है। खेती-किसानी के सहारे जीवन बिताने वाले इस परिवार को योजना से मिला सहयोग सुरक्षित आशियाने और बेहतर जीवन का आधार बना है।