** चारडोंगरी में अवैध गाँजा बिक्री का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार*
कबीरधाम |
2026-10-17 17:31:37
चारडोंगरी में अवैध गाँजा बिक्री का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार*
पिपरिया थाना पुलिस,साइबर थाना पुलिस एवम ए. एन. टी .एफ पुलिस टीम की संयुक्त कार्यवाही-
*5.974 किलोग्राम गाँजा, बिक्री रकम 25,150/- रुपये, इलेक्ट्रॉनिक तराजू एवं दो मोबाइल फोन जप्त, कुल मशरूका की कीमत लगभग 3 लाख 48 हजार 850/- रुपये।*
कवर्धा-
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन ,एवम वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पिपरिया पुलिस टीम, साइबर थाना पुलिस टीम एवं ए.एन.टी.एफ. पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम चारडोंगरी में अवैध रूप से गाँजा बिक्री करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से कुल 5.974 किलोग्राम गाँजा, बिक्री की रकम 25,150/- रुपये, इलेक्ट्रॉनिक तराजू एवं दो मोबाइल फोन जप्त किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार 15 अक्टूबर को थाना पिपरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम चारडोंगरी निवासी संतलाल साहू अपने मकान में अवैध रूप से गाँजा की बिक्री कर रहा है। सूचना से तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के दिशा-निर्देश पर थाना पिपरिया पुलिस, साइबर थाना पुलिस एवं ए.एन.टी.एफ. पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर ग्राम चारडोंगरी में दबिश देने रवाना किया गया।
पुलिस टीम द्वारा संतलाल साहू के मकान में छापामार कार्यवाही की गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे में रखे बैग से कुल 5.974 किलोग्राम गाँजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2,98,700/- रुपये है। पुलिस ने गाँजा बिक्री से प्राप्त 25,150/- रुपये नगद तथा गाँजा तौलने एवं पैकिंग के लिए उपयोग किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक तराजू को भी जप्त किया।
*पूछताछ में सामने आया दूसरे आरोपी का नाम*
पूछताछ के दौरान आरोपी संतलाल साहू ने गाँजा निरंजन चंद्रवंशी, पिता रामकुमार चंद्रवंशी, के माध्यम से खरीदना बताया। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए निरंजन चंद्रवंशी को हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही एवं आगे की विवेचना की जा रही है।
प्रकरण में दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जप्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कुल कीमत 25,000 रुपये है। इस प्रकार गाँजा, नगद रकम एवं दो मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 3,48,850 रुपये है। इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जप्त किया गया है।
*एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत कार्यवाही, दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर*
प्रकरण में आरोपी संतलाल साहू एवं निरंजन चंद्रवंशी के विरुद्ध धारा 20(बी)(ii)(बी), एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर दोनों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।
उक्त कार्यवाही में थाना पिपरिया प्रभारी निरीक्षक नितिन तिवारी एवं टीम, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर व टीम एवं ए.एन.टी.एफ. प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान एवं टीम की सराहनीय भूमिका रही।
*कबीरधाम पुलिस की अपील*
कबीरधाम पुलिस मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्यवाही कर रही है। गाँजा सहित अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। आम नागरिकों से अपील है कि मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण अथवा तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना नजदीकी थाना अथवा पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।