सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर आयोजित, MY Bharat स्वयंसेवक की सहभागिता*
कबीरधाम |
2026-10-17 17:55:04
सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर आयोजित, MY Bharat स्वयंसेवक की सहभागिता*
सहसपुर लोहारा - युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय गजानन माधव मुक्तिबोध महाविद्यालय, सहसपुर लोहारा में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला चिकित्सालय कबीरधाम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर लोहारा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित युवाओं ने सहभागिता निभाई।
शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रक्तदान के महत्व से अवगत कराना, स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग देना था। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को रक्तदान के माध्यम से मानव जीवन बचाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर MY Bharat जिला युवा अधिकारी श्री राज पटेल सर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (NYV) दानेश्वर पटेल ने संगठन की ओर से सक्रिय सहभागिता निभाते हुए स्वयं रक्तदान किया। उनके मित्र एवं सहयोगी धनऊ कुमार ने भी कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया। स्वयंसेवकों की इस पहल ने युवाओं को सामाजिक कार्यों में आगे आने और जनहित के अभियानों में भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
आयोजित शिविर में महाविद्यालय के 9 छात्र-छात्राओं तथा एक भूतपूर्व छात्र सहित कुल 10 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इसके साथ ही उनके हीमोग्लोबिन स्तर और रक्त समूह की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक डॉ. मोना बर्मन, संदीप कुमार सोनकर, अन्य प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, रेडक्रॉस इकाई के स्वयंसेवक तथा स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकीय टीम उपस्थित रही।
शिविर के माध्यम से रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए युवाओं से जरूरतमंदों की सहायता के लिए स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।