छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचारों को मिला प्रोत्साहन

 कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों को सराहने की पहल

दंतेवाड़ा, 23 अक्टूबर 2026

कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा शैक्षणिक नवाचारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आचार्य विनोबा भावे शिक्षक सहायक कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यालयों में बेहतर शिक्षण पद्धतियों को अपनाने, विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने और सीखने-सिखाने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों को पहचान दी गई।
   कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद ठाकुर एवं जिला परियोजना समन्वयक श्री हरीश गौतम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में सुनीता अजित, बलराम रेड्डी, शिवकुमार गुप्ता, कीर्तिला कोठारी, पुष्पा ध्रुव, नीता साहू और माधुरी उके शामिल रहे। इस अवसर पर विनोबा टीम के अभिषेक त्रिपाठी एवं राहुल भी उपस्थित रहे।
   आचार्य विनोबा भावे शिक्षक सहायक कार्यक्रम शिक्षकों को अपने शैक्षणिक अनुभव साझा करने, प्रभावी शिक्षण विधियों और नवाचारों को अपनाने तथा आपसी सहयोग से शिक्षण कार्य को बेहतर बनाने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के अच्छे कार्यों को प्रोत्साहित करना, विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण विकसित करना और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाना है। जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों की सक्रिय भूमिका और नवाचारपूर्ण प्रयास महत्वपूर्ण हैं। उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान न केवल उनके समर्पण और मेहनत को पहचान देता है, बल्कि अन्य शिक्षकों को भी बेहतर शिक्षण कार्य के लिए प्रेरित करता है। इस प्रकार की पहल से जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रयासों को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है।

Leave Your Comment

Click to reload image