छत्तीसगढ़ / सुकमा

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सभी मुकाबलों का जिओ हॉटस्टार पर होगा लाइव प्रसारण

 1 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर खेला जाएगा फाइनल मुकाबला

सुकमा, 23 अक्टुबर 2026

छत्तीसगढ़ में हॉकी खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों की प्रतिभा को व्यापक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग-2026 के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण जिओ हॉटस्टार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर किया जा रहा है। इससे प्रदेश के खेल प्रेमी लीग के रोमांचक मुकाबलों का आनंद घर बैठे ले सकेंगे। साथ ही, वैश्विक स्तर पर भी छत्तीसगढ़ की हॉकी प्रतिभाओं को देखने का अवसर मिलेगा।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, जी.ई. रोड में किया जा रहा है। लीग का शुभारंभ 21 अक्टूबर को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मुख्य आतिथ्य तथा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री की अध्यक्षता में हुआ।

लीग में भारतीय हॉकी के पूर्व कप्तान, ओलंपियन एवं दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह भी शामिल हैं, जिनके मार्गदर्शन से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया जा रहा है।

22 अक्टूबर को महिला हॉकी खिलाड़ियों के प्रदर्शन मुकाबले में इंद्रावती टाइगर्स ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए महानदी फाल्कन्स को 4-1 से पराजित किया। वहीं, लीग के शुरुआती मुकाबलों में ओलंपियन सुरेंद्र सिंह की कप्तानी वाली न्यायधानी नाइट्स ने राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जैसे सम्मान भी दिए जा रहे हैं।

लीग के आगामी मुकाबले 23 से 29 अक्टूबर तक खेले जाएंगे। 30 अक्टूबर को विश्राम दिवस रहेगा, जबकि 31 अक्टूबर को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले आयोजित होंगे। प्रतियोगिता का फाइनल मैच 1 नवंबर 2026 को शाम 5रू30 बजे खेला जाएगा। यह दिन छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष महत्व रखता है।

सभी मुकाबलों का जिओ हॉटस्टार पर लाइव प्रसारण होने से प्रदेश के दूरस्थ अंचलों सहित देश-विदेश के दर्शक भी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग से जुड़ सकेंगे। यह पहल प्रदेश में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाने, स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और छत्तीसगढ़ को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Leave Your Comment

Click to reload image