छत्तीसगढ़ / बीजापुर

विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में गूंजेगी बीजापुर के युवाओं की आवाज

 बीजापुर । जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा, तार्किक क्षमता, नेतृत्व कौशल एवं विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। मेरा युवा भारत ( MY Bharat ) केंद्र, बीजापुर के तत्वावधान में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2027 के अंतर्गत 31 अक्टूबर 2026 को पोटा केबिन ऑडिटोरियम, बीजापुर में जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से जिले के युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं एवं समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर अपने विचार व्यक्त करने के साथ ही राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

जिला स्तर के शीर्ष तीन प्रतिभागी पहुंचेंगे छत्तीसगढ़ विधानसभा- प्रतियोगिता के अंतर्गत जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें छत्तीसगढ़ विधानसभा में अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसके पश्चात राज्य स्तर पर चयनित छत्तीसगढ़ के तीन प्रतिभागियों को देश के संसद भवन में अपने विचार रखने का अवसर प्राप्त होगा। इस प्रकार विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट जिले के युवाओं को जिला स्तर से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।

‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर होगी भाषण प्रतियोगिता- जिला स्तरीय प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ निर्धारित किया गया है। प्रतिभागी इस विषय के पक्ष अथवा विपक्ष में अपने तार्किक एवं तथ्यपरक विचार प्रस्तुत कर सकेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को भाषण देने के लिए 3 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। प्रतिभागी हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में अपने विचार प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु 17 अगस्त 2026 की स्थिति में 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। प्रतियोगिता के दौरान दो या अधिक प्रतिभागियों के अंक समान होने की स्थिति में टाई-ब्रेकर के तहत विषय से संबंधित 10 अंकों का तात्कालिक प्रश्न पूछा जाएगा, जिसके आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।

 
 
 
 
 
 

 

’युवाओं में नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों का होगा विकास- विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का प्रमुख उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं, नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन एवं समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूकता विकसित करना है। इस मंच के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय महत्व के विषयों का अध्ययन करने, तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक लोकतांत्रिक संवाद में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। मेरा युवा भारत केंद्र, बीजापुर ने जिले के सभी पात्र युवाओं, महाविद्यालयीन विद्यार्थियों एवं इच्छुक प्रतिभागियों से अपील की है कि वे 31 अक्टूबर को आयोजित जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करने के इस अवसर का लाभ उठाएं।

 
 
 
 
 
 

Leave Your Comment

Click to reload image