*गरियाबंद पुलिस द्वारा जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद, अपराध नियंत्रण और जन सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने व्यापारी संघ व ग्रामीणों को किया गया प्रेरित।*
गरियाबंद |
2026-10-27 16:41:48
जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा का वातावरण निर्मित करना, पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना तथा अपराधों की रोकथाम में आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।*
राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद -: पुलिस अधीक्षक गरियाबंद वेदव्रत सिरमौर के मार्गदर्शन में आज जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अंतर्गत ' *पुलिस जन चौपाल* ' का आयोजन किया गया। इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा का वातावरण निर्मित करना, पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना तथा अपराधों की रोकथाम में आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।
आयोजित जन चौपाल के दौरान थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारी संघों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। चौपाल में उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराध, उठाईगीरी, धोखाधड़ी और घरेलू हिंसा जैसे अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया गया।
सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी की उपयोगिता पर विशेष जोर:*
चर्चा के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आधुनिक तकनीक के महत्व को रेखांकित करते हुए जन सुरक्षा और अपराध विवेचना में सीसीटीवी कैमरों की भूमिका पर विशेष प्रकाश डाला। पुलिस अधीक्षक गरियाबंद की ओर से व्यापारी संघों और प्रबुद्ध ग्रामीणों को अपने-अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, प्रमुख चौक-चौराहों और रिहायशी इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि सीसीटीवी कैमरे न केवल अपराधियों में भय पैदा करते हैं, बल्कि किसी भी अप्रिय घटना या अपराध की स्थिति में त्वरित विवेचना और आरोपियों की पहचान करने में पुलिस के लिए एक अत्यंत मददगार माध्यम साबित होते हैं।
*पुलिस अधीक्षक गरियाबंद की अपील:*
इस पहल पर पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा है, "जन सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। 'स्मार्ट और सुरक्षित गरियाबंद' की दिशा में कदम बढ़ाते हुए व्यापारी वर्ग और ग्रामीण आगे आएं और अपने परिसरों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं। गरियाबंद पुलिस सदैव आपकी सुरक्षा और सेवा में तत्पर है।"