शिक्षा की बेहतरी के लिए आगे आए पालक, विद्यालय की गतिविधियों की हुई सराहना
कबीरधाम |
2026-10-28 10:29:24
शिक्षा की बेहतरी के लिए आगे आए पालक, विद्यालय की गतिविधियों की हुई सराहना
बच्चों के परीक्षा परिणाम, बोर्ड परीक्षा की तैयारी और नियमित उपस्थिति पर शिक्षकों व पालकों ने किया विचार-विमर्श
। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कामठी, विकासखंड पंडरिया में आज मेगा पालक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में पालकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। इस दौरान विद्यार्थियों के मासिक परीक्षा परिणाम, शैक्षणिक प्रगति तथा आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पालकों की सक्रिय सहभागिता से बैठक का माहौल उत्साहपूर्ण एवं सकारात्मक रहा।
बैठक में शिक्षकों ने विद्यार्थियों की पढ़ाई की स्थिति की समीक्षा करते हुए आगामी बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही, विद्यालय में अनियमित रूप से आने वाले विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पालकों को प्रेरित किया गया। शिक्षकों ने कहा कि घर पर बच्चों के अध्ययन के लिए निश्चित समय निर्धारित करना और उन्हें अनुकूल शैक्षणिक वातावरण देना उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों एवं शिक्षण के नवाचारपूर्ण तरीकों की जानकारी भी पालकों को दी गई। विशेष रूप से डिजिटल शैक्षणिक सामग्री के माध्यम से पढ़ाई को सरल, रोचक और प्रभावी बनाने के प्रयासों से अवगत कराया गया। विद्यालय में किए जा रहे इन प्रयासों को देखकर पालकों ने प्रसन्नता व्यक्त की और इन्हें बच्चों की पढ़ाई के लिए उपयोगी एवं लाभदायक बताते हुए शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
बैठक में शिक्षकों एवं पालकों ने अपने विचार और सुझाव साझा किए। विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, नियमित उपस्थिति तथा आगामी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय और परिवार के बीच निरंतर समन्वय एवं सहयोग आवश्यक है।
पालकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने शिक्षा के प्रति उनकी जागरूकता को प्रदर्शित किया। बैठक में विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण, पालक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।