*नगर पंचायत लोहारा में नौकरशाही बेलगाम! जनता के लिए कार्यालय में ताला नहीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी नदारद*
कबीरधाम |
2026-11-03 10:42:07
नगर पंचायत लोहारा में नौकरशाही बेलगाम! जनता के लिए कार्यालय में ताला नहीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी नदारद*
सीएमओ साहब का दावा– कवर्धा में बैठक, लेकिन वहां बैठक होने की नहीं मिली जानकारी; दोपहर 4:30 बजे पूरा कार्यालय खाली, आखिर किसके भरोसे चल रही नगर पंचायत*
सहसपुर लोहारा। नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में इन दिनों विकास कार्यों की लगातार सौगात मिलने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन नगर की सरकारी व्यवस्था की जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। जिस नगर पंचायत कार्यालय पर नगर की जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों की जिम्मेदारी है, उसी कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि जनता अपनी समस्याएं लेकर कार्यालय पहुंचे तो उसे जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी ही नसीब नहीं हो रहे।
मामला 2 नवंबर का है। दो सामान्य नागरिक जब दोपहर 4 बजकर 30 मिनट पर नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के कार्यालय पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। कार्यालय में न तो सीएमओ साहब मौजूद थे और न ही कोई कर्मचारी अपनी निर्धारित टेबल पर नजर आया। पूरा कार्यालय लगभग वीरान पड़ा था। जब बाहर बैठे एक प्यून से सीएमओ के संबंध में पूछा गया तो उसने बताया कि साहब कवर्धा बैठक में गए हैं।
लेकिन इस जवाब के बाद जब कवर्धा में बैठक के संबंध में जानकारी जुटाई गई तो वहां किसी बैठक के आयोजित होने की जानकारी नहीं मिली। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर सीएमओ साहब कहां गए थे, क्या कार्यालय से बाहर रहने की कोई आधिकारिक सूचना थी? यदि बैठक आयोजित थी तो उसका विवरण क्या है l
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब विभाग का मुखिया ही कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहेगा तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कौन करेगा ,जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्य, पेयजल और अन्य जरूरी कामों के लिए नगर पंचायत पहुंचने वाले नागरिक आखिर किसके सामने अपनी फरियाद रखें l
नगर पंचायत में विकास कार्यों की घोषणाएं और भूमिपूजन अपनी जगह हैं, लेकिन जनता को समय पर अधिकारी-कर्मचारियों की उपलब्धता और जवाबदेह प्रशासन भी चाहिए। सरकारी कार्यालय जनता की सुविधा के लिए हैं, न कि कर्मचारियों की मनमर्जी के लिए।
अब सवाल जिला प्रशासन से है कि क्या नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच होगी l क्या कार्यालयीन समय में नदारद रहने वाले जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या फिर जनता इसी तरह नौकरशाही की मनमानी का शिकार होती रहेगीl
विकास की सौगातों के बीच प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल, आखिर नगर पंचायत लोहारा में जनता की सुनने वाला कौन है ?