छत्तीसगढ़ / बेमेतरा

अर्नब तूफान से फसल क्षति का उप संचालक कृषि ने किया निरीक्षण, किसानों को दी बीमा व राहत की जानकारी

 बेमेतरा । जिले में विगत दिनों आए अर्नब तूफान के प्रभाव से खरीफ फसलों को हुए नुकसान के आकलन हेतु आज उप संचालक कृषि मोरध्वज डडसेना ने विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कठिया एवं जेवरा का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक कृषि, फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

निरीक्षण में पाया गया कि दोनों ग्रामों में लगभग 5 से 10 प्रतिशत फसल आंशिक रूप से गिरी हुई है, जबकि कृषकों द्वारा भी नुकसान कम होना बताया गया। साथ ही लगभग 85 प्रतिशत फसल अपरिपक्व अवस्था में पाई गई।

किसानों को दी गई सलाह

किसानों को सलाह दिया गया कि जिन खेतों में फसल गिरने के साथ पानी भराव है, वे तत्काल अतिरिक्त पानी की निकासी करें। जिन कृषकों ने फसल कटाई के बाद उपज खेत में ही रखी है और बारिश से नुकसान हुआ है, वे 72 घंटे के भीतर फसल बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447 पर अनिवार्य रूप से सूचना दें, ताकि बीमा लाभ मिल सके।

उन्होंने मैदानी अमले को निर्देशित किया कि राजस्व विभाग से समन्वय कर प्रभावित कृषकों की जानकारी संकलित करें और पात्र किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र RBC 6(4) के तहत राहत राशि दिलाने की कार्रवाई करें।

उप संचालक कृषि ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग फसलों की स्थिति पर सतत निगरानी रख रहा है और प्रभावित किसानों को शासन की योजनाओं के अनुरूप हर संभव सहायता दी जाएगी।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image