छत्तीसगढ़ / धमतरी

आईटीआई करेली बड़ी में ‘जाबो महा-अभियान’: प्रशिक्षणार्थियों ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली, घर-घर पहुंचाया मतदान का संदेश

 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं का मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटियों में सुधार कराने की अपील

धमतरी, 03 नवंबर 2026

लोकतंत्र को सशक्त बनाने और प्रत्येक पात्र नागरिक की निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से  धमतरी जिले की नवगठित नगर पंचायत करेली बड़ी में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आज शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) करेली बड़ी में ‘जाबो (जागो वोटर) कार्यक्रम’ के अंतर्गत वृहद मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्था के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, प्रविष्टियों में आवश्यक सुधार कराने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, परिपालन में नगर पंचायत करेली बड़ी के आम निर्वाचन-2026 के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष पुनरीक्षण के तहत यह अभियान संचालित किया जा रहा है। जिला कौशल विकास प्राधिकरण ने आईटीआई करेली बड़ी को इस कार्यक्रम का नोडल संस्थान बनाया गया है।
कार्यक्रम के तहत आज सुबह 11 बजे संस्था के प्राचार्य एवं प्रशिक्षकों के नेतृत्व में लगभग 80 से 100 प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक मतदाता जागरूकता रैली निकाली। हाथों में आकर्षक बैनर एवं तख्तियां लेकर निकले छात्र-छात्राओं ने संस्था परिसर से मुख्य बाजार, बस स्टैंड एवं विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया। इस दौरान ‘जागरूक वोटर-जागो’, ‘18 वर्ष-वोट अवश्य’ तथा ‘घर-घर में संदेश दो, वोटर लिस्ट में नाम जोड़ो’ जैसे नारों के माध्यम से आम नागरिकों को जागरूक किया गया। प्रशिक्षणार्थियों ने ‘बच्चा-बच्चा करे पुकार, वोट देना है अधिकार’ और ‘लोकतंत्र की शान, आपका मतदान’ जैसे नारों से मतदान के महत्व को रेखांकित किया।
रैली के माध्यम से नागरिकों को बताया गया कि 01 जनवरी 2026 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जुड़वाना चाहिए। साथ ही मतदाता सूची में नाम, पता एवं फोटो संबंधी त्रुटियों के सुधार तथा मृत अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन के लिए निर्धारित फॉर्म-6, 7 एवं 8 की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अभियान में महिला, दिव्यांगजन एवं तृतीय लिंग मतदाताओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं के साथ अपने परिवार और आसपास के पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें। साथ ही निर्वाचन में जाति, धर्म, भय अथवा प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने का संकल्प लेने का संदेश दिया।

रैली के समापन पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को परिशिष्ट-तीन के निर्धारित प्रारूप के अनुसार मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने संकल्प लिया कि वे स्वयं तथा अपने परिवार के 18 वर्ष पूर्ण कर चुके सदस्यों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे और भय एवं प्रलोभन से मुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

उल्लेखनीय है कि ‘जाबो’ अभियान का उद्देश्य केवल मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम दर्ज कराना ही नहीं, बल्कि युवाओं एवं आम नागरिकों में निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित करना भी है। कार्यक्रम आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्णतः निष्पक्ष एवं गैर-राजनीतिक स्वरूप में आयोजित किया गया। इसमें किसी भी राजनीतिक दल अथवा व्यक्ति विशेष का प्रचार नहीं किया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image