मरकाटोला में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवा संगम विशेष शिविर आयोजित
बच्चों की वृद्धि निगरानी, गर्भवती माताओं की गोदभराई एवं सुपोषण और स्वच्छता किट का वितरण
खैरागढ़, 04 नवंबर 2026
जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार विकसित भारत 2047 के संकल्प एवं जनजातीय समुदायों के सशक्तीकरण के उद्देश्य से परियोजना छुईखदान के सेक्टर रामपुर अंतर्गत ग्राम मरकाटोला स्थित बहुउद्देशीय केंद्र (एमपीसी) भवन में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवा संगम विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं, बच्चों एवं किशोरी बालिकाओं को स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
पर्यवेक्षक सुश्री प्रेमलता धुर्वे ने नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, स्तनपान तथा बच्चों की छह माह की आयु पूर्ण होने के बाद पूरक आहार शुरू करने के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने माताओं एवं अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापकर वृद्धि निगरानी की गई। पौष्टिक एवं संतुलित आहार, एनीमिया से बचाव तथा स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी गई। किशोरी बालिकाओं को व्यक्तिगत एवं मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया गया।
इस दौरान गर्भवती माताओं की पारंपरिक गोदभराई की गई। गंभीर कुपोषित बच्चे को सुपोषण किट तथा किशोरी बालिकाओं को स्वच्छता किट वितरित की गई। शिविर के माध्यम से जनजातीय समुदायों तक स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार के लिए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
शिविर में ग्राम पंचायत चोभर के उपसरपंच, मितानिन, शिक्षक, गर्भवती महिलाएं, शिशुवती माताएं, बच्चों के अभिभावक, किशोरी बालिकाएं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।