छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से यशवंत नेताम के घर में आई खुशहाली

राजनांदगांव । कभी हर महीने बिजली का बिल आने पर घर के बजट की चिंता सताने लगती थी, लेकिन अब उसी घर की छत पर लगे सोलर पैनल परिवार के लिए खुशहाली और आर्थिक बचत का माध्यम बन गए हैं। यह कहानी है राजनांदगांव जिले के छुरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम मांगीखुटा निवासी यशवंत नेताम की, जिनके जीवन में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने सकारात्मक बदलाव लाया है। पहले उन्हें हर महीने 1500 से 2000 रूपए तक बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता था, लेकिन अब उनके घर का बिजली बिल शून्य हो गया है। इससे परिवार को बड़ी आर्थिक राहत मिली है।

यशवंत नेताम ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित कराया है। इसके लिए उन्हें केन्द्र एवं राज्य शासन की ओर से कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी प्राप्त हुई है। शासन की इस महत्वपूर्ण सहायता से उनके लिए सौर ऊर्जा अपनाना आसान हुआ। अब उनके घर में सूर्य की रोशनी से बिजली का उत्पादन हो रहा है और बिजली बिल पर खर्च होने वाली राशि की बचत हो रही है। नेताम ने बताया कि यह योजना केवल बिजली बिल में बचत का माध्यम नहीं, बल्कि परिवार की आर्थिक चिंताओं को कम करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है। पहले बिजली बिल के भुगतान में खर्च होने वाली राशि अब परिवार की अन्य आवश्यकताओं के लिए उपयोगी हो सकती है। हर महीने होने वाली इस बचत ने उनके जीवन में नई उम्मीद और सुकून का संचार किया है। यशवंत नेताम ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी है। इस योजना से बिजली बिल के खर्च से राहत मिलने के साथ ही स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image