छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

अवैध शराब के खिलाफ कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 आरोपी गिरफ्तार

आबकारी एक्ट के तहत 12 प्रकरण दर्ज, 10.080 लीटर शराब और मोटरसाइकिल सहित 34,680 रुपये का मशरूका जब्त

कवर्धा। जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में 4 एवं 5 नवंबर को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान आबकारी एक्ट के तहत कुल 12 प्रकरण दर्ज कर 12 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सहसपुर लोहारा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के मामले में शिवराम वाल्मिकी के कब्जे से 2700 मिलीलीटर शराब जब्त की, जिसकी कीमत 1200 रुपये बताई गई है। वहीं, चौकी पोड़ी पुलिस ने नेउरगांव खुर्द निवासी पवन बंजारे के पास से 2700 मिलीलीटर शराब और बिक्री की 200 रुपये की रकम जब्त की।

इसी तरह थाना सिंघनपुरी जंगल पुलिस ने कर्रानाला बांध मेन रोड पर कार्रवाई करते हुए कोयलारी निवासी दशरथ साहू के कब्जे से 4680 मिलीलीटर शराब जब्त की। शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG-09-JN-1165 को भी जब्त किया गया। जब्त शराब की कीमत 2080 रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत 30 हजार रुपये आंकी गई है।

सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई

थाना पिपरिया पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वाले आठ लोगों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36(च)(1) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। इनमें नंदराम निषाद, मिथुन निषाद, बलराम चंद्रवंशी, रंजीत यादव, संदीप चंद्रवंशी, आकाश चंद्रवंशी, भतर साहू और बिरेन्द्र निषाद शामिल हैं।

वहीं, थाना पांडातराई पुलिस ने भारतमाता चौक के पास सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते पाए जाने पर नवापारा निवासी सनत साहू के विरुद्ध भी आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया।

34,680 रुपये का मशरूका जब्त

पुलिस के अनुसार, जिले में की गई इस कार्रवाई में अवैध शराब बिक्री के दो, शराब परिवहन का एक तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के नौ प्रकरण शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान कुल 10,080 मिलीलीटर शराब, जिसकी कीमत 4,480 रुपये है, बिक्री की 200 रुपये की रकम और शराब परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। इस प्रकार कुल जब्त मशरूका की कीमत 34,680 रुपये है।

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन करने वालों तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन कर शांति और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave Your Comment

Click to reload image