प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत 15 युवाओं ने लिया व्यावसायिक माली प्रशिक्षण, प्रमाण-पत्र के साथ टूल-किट वितरित
200 घंटे के प्रशिक्षण से युवाओं को मिला आधुनिक बागवानी एवं नर्सरी प्रबंधन का व्यावहारिक ज्ञान, स्वरोजगार की राह होगी आसान
दंतेवाड़ा, नवंबर 2026
जिले में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत ग्रामीण एवं स्थानीय युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से उद्यानिकी विभाग द्वारा किरंदुल स्थित शासकीय रोपणी में आयोजित 200 घंटे का व्यावसायिक माली प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्र के 15 चयनित युवाओं ने भाग लेकर आधुनिक बागवानी एवं उद्यानिकी तकनीकों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।
इस प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को वैज्ञानिक तरीके से पौधरोपण, नर्सरी प्रबंधन, कलम बांधने की तकनीक, जैविक खाद निर्माण, पौधों में लगने वाले कीट एवं रोगों की पहचान तथा उनके नियंत्रण सहित लैंडस्केप गार्डनिंग की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को व्यावसायिक रूप से दक्ष बनाकर उद्यानिकी के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।प्रशिक्षण के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सभी 15 सफल प्रतिभागियों को मूल्यांकन के उपरांत दक्षता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही उन्हें व्यावसायिक बागवानी कार्य प्रारंभ करने के लिए आवश्यक औजारों से युक्त गार्डनिंग टूल-किट का वितरण भी किया गया, ताकि युवा प्रशिक्षण में प्राप्त कौशल का उपयोग कर स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें।
इस अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं व्यावहारिक सत्रों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें बागवानी एवं नर्सरी प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों को समझने और उन्हें रोजगार के रूप में अपनाने का अवसर मिला है। युवाओं ने भविष्य में उद्यानिकी एवं लैंडस्केपिंग सेवाओं के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के अंत में विभागीय अधिकारियों ने प्रशिक्षित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें शासकीय योजनाओं से जोड़कर स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही। इस पहल से स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होने तथा क्षेत्र में आधुनिक बागवानी और हरित आवरण के विस्तार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।