छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

पति के जाने के बाद भी नहीं हारी हिम्मत, मेहनत से लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी

 दृढ़ संकल्प से संवरी जिंदगी, विष्णु के पाती ने अमृता के संघर्ष और प्रयासों को दिया सम्मान

सूरजपुर/11 नवम्बर 2026

  एक मां के लिए अपने बच्चों का भविष्य ही सबसे बड़ी प्रेरणा होता है। जीवन के कठिन दौर में पति का साथ छूटने के बाद विकासखंड सूरजपुर के ग्राम सोनागढ़ की अमृता प्रजापति के सामने परिवार की जिम्मेदारी और बच्चों की परवरिश की चुनौती थी। लेकिन उन्होंने परिस्थितियों के आगे हार नहीं मानी, बल्कि अपने हौसले को ताकत बनाकर नई शुरुआत की।

सक्षम योजना के तहत ऋण लेकर अमृता ने दुकान शुरू की और सिलाई का काम भी अपनाया। अपनी मेहनत से उन्होंने न केवल परिवार को आर्थिक सहारा दिया, बल्कि बच्चों की पढ़ाई भी निरंतर जारी रखी। आज उनका सबसे बड़ा प्रयास अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर उनके सपनों को पूरा करना है।

अमृता के इसी संघर्ष और आत्मनिर्भरता के सफर के बीच मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की ‘विष्णु के पाती’ एक खास भावनात्मक पल बनकर आई। मुख्यमंत्री की ओर से व्यक्तिगत रूप से पत्र मिलने पर अमृता भावुक और अभिभूत हैं। यह पत्र उनके संघर्ष, मेहनत और मातृत्व के संकल्प को मिला सम्मान है।

अमृता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया और कहा कि विष्णु भैया का पत्र पाकर उन्हें बहुत खुशी हुई है। उन्होंने इस आत्मीय पहल के लिए मुख्यमंत्री को बहुत-बहुत धन्यवाद दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image