कबीरधाम पुलिस की अवैध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई, 2 स्थायी वारंटी गिरफ्तार; जुआ खेलते 11 सहित 15 लोगों पर कार्रवाई
कबीरधाम |
2026-11-11 18:09:20
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने, अवैध शराब बिक्री और शराब पिलाने की सुविधा देने वालों पर भी कसा शिकंजा
कवर्धा। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कबीरधाम पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की है। पुलिस ने दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने, अवैध शराब बिक्री, शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने और जुआ खेलने के मामलों में कुल 15 लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई में थाना भोरमदेव, पिपरिया और पांडातराई की टीम शामिल रही।
दो स्थायी वारंटी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश
थाना भोरमदेव पुलिस ने स्थायी वारंटों की तामिली करते हुए ग्राम भालुचुवा, तहसील बोड़ला निवासी चमेली बाई (30 वर्ष), पति दुर्गेश गोयल तथा दुर्गेश गोयल (31 वर्ष), पिता रोहित गोयल को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पिपरिया पुलिस की आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
थाना पिपरिया पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की। इसमें सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वाले दो लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 9 नवंबर को कॉलेज रोड स्थित पानी टंकी के पास सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाए जाने पर ग्राम परसवारा निवासी हरीश चंद्रवंशी (23 वर्ष) और विपिन चंद्रवंशी (40 वर्ष) के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36(च)(1) के तहत कार्रवाई की गई।
इसी दिन ग्राम इंदौरी बड़े पुल के पास अवैध रूप से शराब बिक्री करते पाए जाने पर ग्राम बहरमुड़ा निवासी देवराज सिंह ठाकुर (60 वर्ष) के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने उसके कब्जे से 1,800 मिलीलीटर शराब, 800 रुपये तथा बिक्री की रकम 300 रुपये जब्त की।
वहीं 10 नवंबर को ग्राम खैरझिटी कला में अपनी दुकान पर लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में बीरू निर्मलकर के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36(सी) के तहत कार्रवाई की गई।
पांडातराई पुलिस ने जुआ खेलते 11 लोगों को पकड़ा
थाना पांडातराई पुलिस ने जुआ खेलने वालों के विरुद्ध दो अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई की। पहले मामले में 10 नवंबर को ग्राम पढ़की तालाब के पास सार्वजनिक स्थान पर 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते पांच लोगों को पकड़ा गया। इनमें देवराज पटेल, पंकज साहू और दिलीप पटेल (तीनों निवासी पढ़की), अमर सिंह दुबे (बिरकोना) तथा गन्नु निषाद (धोबघट्टी) शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 1,450 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की। इस मामले में अपराध क्रमांक 202/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।
दूसरे मामले में 11 नवंबर को ग्राम पढ़की स्थित भैंसापुर मंदिर के पास सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते छह लोगों को पकड़ा गया। इनमें हनिफ खान (पोड़ी), सतीष टंडन (लोरमी), कुमार निषाद और अजय निषाद (पीपरखुंटी), प्रकाश चंद्रवंशी (धोबघट्टी) तथा रोहित पटेल (पढ़कीकला) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,680 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की। इस मामले में अपराध क्रमांक 203/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
अवैध गतिविधियों से दूर रहने पुलिस की अपील
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने, अवैध शराब की बिक्री और जुआ जैसी गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।