छत्तीसगढ़ / कांकेर

धान उपार्जन की तैयारियां तेज :जिले में 163 केंद्रों पर 15 नवंबर से शुरू होगी खरीदी, कर्मचारियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

 उत्तर बस्तर कांकेर । कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को धान खरीदी कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों का कांकेर एवं भानुप्रतापपुर में दो चरणों में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रथम चरण में धान खरीदी केंद्रों के समिति प्रबंधकों एवं कम्प्यूटर ऑपरेटरों को प्रशिक्षण दिया गया, जबकि द्वितीय चरण में निगरानी समिति के नोडल अधिकारियों तथा चेक पोस्ट एवं उड़नदस्ता दल के प्रभारी अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कांकेर में आयोजित प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे, एसडीएम कांकेर सरस्वती बंजारे एवं एसडीएम चारामा नरेन्द्र बंजारा, जिला खाद्य अधिकारी शांती धु्रव, डीएमओ तामेश नागवंशी उपस्थित रहे। वहीं भानुप्रतापपुर में अपर कलेक्टर भागवत जायसवाल, अपर कलेक्टर अंतागढ़ जीडी वाहिले एवं एसडीएम पखांजूर सुरेश साहू सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं खाद्य व सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रशिक्षण सह कार्यशाला में समिति प्रबंधकों एवं कम्प्यूटर ऑपरेटरों को धान खरीदी से संबंधित शासन के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें जिले के समस्त पंजीकृत किसानों से बायोमेट्रिक आधारित धान खरीदी प्रणाली के माध्यम से खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित करने तथा निर्धारित मानक गुणवत्ता के अनुरूप धान खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 50 प्रतिशत नए एवं 50 प्रतिशत पुराने बारदानों में धान खरीदी करने की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी दी गई। समितियों को स्व-मूल्यांकन के लिए पीसीएसएपी पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज करने तथा स्टेक प्लान तैयार कर प्रति स्टेक 3 हजार बोरों के मान से धान की स्टेकिंग करने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा प्रत्येक धान खरीदी समिति में निगरानी समिति का गठन किया गया है, जो स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाले विवादों का निराकरण करेगी। निगरानी समिति के नोडल अधिकारियों को धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से प्रारंभ होकर 15 जनवरी 2027 तक संचालित होगी। इसके लिए जिले में कुल 163 धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। किसानों की सुविधा के लिए 70 प्रतिशत टोकन ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से तथा 30 प्रतिशत टोकन संबंधित सहकारी समितियों के माध्यम से जारी किए जाएंगे। किसान घर बैठे ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के जरिए स्वयं भी धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image