जिले में 06 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू होने से किसानों को मिलेगी सुविधा
अब तक समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए 55,069 किसानों ने कराया पंजीयन
कोण्डागांव, नवंबर 2026
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी 15 नवंबर से प्रारंभ होगी। इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। किसानों को धान विक्रय में सुविधा प्रदान करने तथा उपार्जन केंद्रों में लगने वाली लंबी कतारों से राहत दिलाने के उद्देश्य से इस वर्ष जिले में 06 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इसमें कोंडागांव में चलका, माकड़ी मे इंगरा और भाटगांव, फ़रसगांव में चिंगनार, केशकाल में सालेभाट और बड़ेराजपुर में बड़ागांव शामिल है। इससे किसानों को अपने नजदीकी केंद्रों में ही धान बेचने की सुविधा मिलेगी और आवागमन में भी आसानी होगी।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन जारी करने की व्यवस्था भी की गई है। इस ऐप के जरिए किसान घर बैठे 24 घंटे टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इससे धान विक्रय प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक होगी तथा उपार्जन केंद्रों में अनावश्यक भीड़ और लंबी कतारों से भी राहत मिलेगी।
कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के निर्देशानुसार जिले के सभी 73 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए अब तक जिले के कुल 55,069 किसानों ने पंजीयन कराया है, जबकि पिछले वर्ष 53,614 किसानों का पंजीयन हुआ था। इस प्रकार गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष 1,455 अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। पंजीकृत किसानों का कुल धान रकबा लगभग 45,280.56 हेक्टेयर है।
जिले में नए उपार्जन केंद्रों की स्थापना, ऑनलाइन टोकन सुविधा और खरीदी केंद्रों में बेहतर व्यवस्थाओं से किसानों को धान विक्रय में सहूलियत मिलेगी। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं।
क्रमांक -1444/देवेन्द्र
युवा रत्न सम्मान के लिए अब 15 नवंबर तक करें आवेदन, जिले के इच्छुक युवाओं को मिला अतिरिक्त अवसर
चयनित युवाओं को एक लाख रुपये की सम्मान राशि, पदक, प्रशस्ति पत्र एवं शाल से किया जाएगा सम्मानित
कोण्डागांव, 12 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवा रत्न सम्मान के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 15 नवंबर 2026 कर दी गई है। इससे जिले के इच्छुक युवाओं को सम्मान के लिए आवेदन करने का अतिरिक्त अवसर मिला है।
युवा रत्न सम्मान के अंतर्गत सामाजिक कार्य, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा कला, संगीत एवं लोक कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित प्रत्येक युवा को एक लाख रुपये की नगद सम्मान राशि के साथ पदक, प्रशस्ति पत्र एवं शाल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, असाधारण एवं विशिष्ट सेवा कार्य के क्षेत्र में चयनित युवा को व्यक्तिगत श्रेणी में 2.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली पात्र स्वैच्छिक संस्था अथवा संगठन को पांच लाख रुपये की सम्मान राशि से सम्मानित किया जाएगा।
जिले के ऐसे इच्छुक युवा, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है, वे निर्धारित तिथि 15 नवंबर 2026 तक अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।