*छुट्टी के दिन परीक्षा की तैयारी का जायजा लेने घर घर पहुंचे शिक्षक*
मुंगेली |
2026-11-24 16:33:16
*अचानक सवेरे-सवेरे शिक्षकों को अपने घर देख छात्र हुए हैरान, सेमरसल के शिक्षकों ने छात्रों के परिजनों से की परीक्षा हेतु संवाद*
*अर्धवार्षिक परीक्षा तैयारी देखने शिक्षकों ने छात्रों के घर जाकर किया संपर्क*
लोरमी - अचानक सवेरे सवेरे सेमरसल के शिक्षक छात्रों के घर पहुंच कर पढ़ाई लिखाई और रहन-सहन का जायजा लेते दिखाई दिए। आपको बता दें कि गुरुनानक जयंती के अवसर पर प्रशासन ने सामान्य अवकाश घोषित किया है जिसे अवसर मानकर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सेमरसल के शिक्षकों ने समय का सदुपयोग करते हुए बच्चों के घर जाकर परीक्षा की तैयारी का जायजा लिया। अचानक अपने घर के द्वार पर शिक्षकों को देखकर छात्र अचंभित एवं आश्चर्य का ठिकाना न रहा। कोई मोबाइल देखते हुए तो कोई सोते हुए तो कोई गली में घूमते हुए दिखे। घर पर अभिभावकों ने बच्चों की कमियों से शिक्षकों को अवगत कराया। इस पर शिक्षकों ने समय सारिणी बनाकर पढ़ने, बार बार लिखकर अभ्यास करने, नियमित सभी विषयों के अध्ययन करने, कठिन लगने वाले बिंदुओं को कक्षा अध्यापन के समय हल करने संबंधी बात कही। कई घरों में ग्रामीणों द्वारा चाय, स्वल्पाहार और पारंपरिक तरीकों से आवभगत किया गया। ग्रामीणों के बीच से शिक्षकों के इस पहल की सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है। सहज रूप में छात्रों के पढ़ाई लिखाई और जीवन चरित्र के बारे में बातचीत किया गया तथा उन्हें आगे आने वाले परीक्षा की विस्तृत जानकारी दी गई। समय पूर्व तैयार होकर परीक्षा की अच्छी तैयारी करने निर्देशित किया गया साथ ही परीक्षा काल में बेहतर मानसिकता के साथ अच्छा अंक लाकर गांव परिवार का नाम रोशन करने प्रेरित किया गया। पालकों ने बताया कि अधिकतर बच्चे किताबों पर कम मोबाइल पर ज्यादा समय बिता रहे हैं जिन्हें पैरेंटल कंट्रोल और समय-समय पर बच्चों से बातचीत करने के लिए कहा गया। समय-समय पर शिक्षकों को बच्चों के व्यवहारों में हो रहे बदलाव तथा संगति से उप वातावरण से अवगत कराने पालक शिक्षक बैठक में उपस्थित होने के लिए आह्वान किया गया। कुछ बच्चे स्वास्थ्यगत तथा निजी कारणों से स्कूल नहीं आ पा रहे थे उनके घर जाकर शिक्षकों ने संपर्क किया और नियमित स्कूल आने गतिविधियों में सक्रियता के साथ भाग लेने के लिए बोला गया। इस अवसर पर प्रधानपाठक आत्माराम कश्यप, राजकुमार कश्यप, उमाशंकर सिंह ने प्रातः पांच बजे सेमरसल और बटहा दोनों गांवों का आकस्मिक सर्वेक्षण किया। जिसकी भूरी भूरी प्रशंसा हो रही है। आने वाले दिनों में बच्चों के प्रदर्शन पर भी इसका अच्छा असर पड़ेगा। गांव के पालकों में वीरसिंह, मनोज पटेल, खेमलाल कश्यप, दुर्गेश कश्यप, ईश्वर कश्यप, चिंताराम अंनत, संतुराम साहू, कृष्णकुमार पटेल, सतीश कश्यप साथ ही छात्रों में प्रधानमंत्री राधिका साहू, मेघा ध्रुव, शैलेंद्र, आरती, कात्यायनी, आकाश, खुशबू अनंत, योगराज, सुमन, मुस्कान, लीलम, योगेश्वरी, साहिल, अनुष्का, शिवानी, लक्ष्मीन, यश सिंह, गौतम सहित अन्य छात्रों के घर संपर्क किया।