छत्तीसगढ़ / धमतरी

दंतेश्वरी माता मंदिर परिसर में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया श्रमदान, स्वच्छता का दिया संदेश

धमतरी । स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है। इसी संदेश के साथ कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने आज नगरी विकासखंड के सांकरा ग्राम पंचायत स्थित दंतेश्वरी माता मंदिर परिसर में जनभागीदारी से आयोजित स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  जयंत नाहटा सहित अन्य अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और मंदिर समिति के सदस्यों ने भी साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपनी सहभागिता निभाई।

अभियान के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। साथ ही उपस्थित लोगों ने आम नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

 
 
 
 
 
 
 
 

इस अवसर पर कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या विभाग का काम नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना हम सबका दायित्व है। जब जनप्रतिनिधि, प्रशासन और आम नागरिक मिलकर प्रयास करते हैं, तो सकारात्मक बदलाव निश्चित रूप से दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि श्रमदान केवल सफाई करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करने का माध्यम भी है। सभी नागरिक अपने गांव, शहर और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प लें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

 

अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ और सुंदर गांवों का निर्माण संभव है। धार्मिक स्थलों की पवित्रता और सुंदरता बनाए रखने के लिए नियमित साफ-सफाई तथा सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।


 
 
 
 
 
 
 
 

Leave Your Comment

Click to reload image