बस्तर में संविधान दिवस समारोह सफलतापूर्वक संपन्न
कार्यालयों में उद्देशिका का किया गया वाचन
जगदलपुर, 26 नवम्बर 2026/
संविधान दिवस समारोह-2026 के अवसर पर बस्तर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों और जागरूकता गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल के मार्गदर्शन में शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले भर में संविधान दिवस से जुड़ी गतिविधियां संचालित की गईं।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 26 नवंबर को प्रातः 11 बजे जिला, विकासखंड, तहसील एवं ग्राम स्तर पर शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थाओं, नगरीय निकायों तथा अन्य सार्वजनिक संस्थानों व संगठनों में भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। विभिन्न कार्यालयों और संस्थानों में हुए उद्देशिका वाचन में नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं ने सहभागिता कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक भावना और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित विभिन्न गतिविधियों में युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ा गया। नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को माईगोव पोर्टल के माध्यम से संविधान की उद्देशिका के ऑनलाइन वाचन में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जो अंग्रेजी सहित 22 अनुसूचित भाषाओं कुल 23 भाषाओं में उपलब्ध है।