छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

पिपरिया में मेगा हेल्थ कैम्प: 403 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार, 13 यूनिट रक्तदान कर लोगों ने पेश की मानव सेवा की मिसाल

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं, 164 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच, 118 की सोनोग्राफी

कवर्धा, 26 नवंबर। ग्रामीण अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और आम नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर दिलाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरिया में मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 403 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं देते हुए मरीजों को निःशुल्क परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया। वहीं, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 13 यूनिट रक्तदान कर लोगों ने मानव सेवा और सामाजिक सहभागिता का सराहनीय संदेश दिया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कबीरधाम के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में जिला स्तर से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम पिपरिया पहुंची। शिविर के माध्यम से पिपरिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसका प्रमुख उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना, बीमारियों की समय पर पहचान करना और जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना रहा।

गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के साथ 118 की हुई सोनोग्राफी

शिविर में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान कुल 164 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 118 महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी की गई। इसके अलावा अस्थि रोग विशेषज्ञ द्वारा 32 मरीजों की जांच की गई। नेत्र विभाग की टीम ने 38 मरीजों का परीक्षण किया, वहीं दंत विभाग द्वारा 32 मरीजों को जांच एवं उपचार की सुविधा प्रदान की गई। सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं सहित शिविर में कुल 403 मरीजों को ओपीडी एवं उपचार का लाभ मिला।

13 यूनिट रक्तदान, जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आए रक्तदाता

स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के साथ शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान का भी आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय नागरिकों और रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। इस दौरान कुल 13 यूनिट रक्तदान किया गया। रक्तदाताओं की इस पहल ने स्वास्थ्य शिविर को जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए जरूरतमंद मरीजों की सहायता का प्रेरणादायी संदेश दिया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम के समन्वय से सफल हुआ आयोजन

शिविर में पहुंचे मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श, उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। आयोजन को सफल बनाने में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद चंद्रवंशी के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरिया के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों, जिला स्वास्थ्य टीम, फील्ड स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं मितानिन प्रशिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मेगा हेल्थ कैम्प के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।

 

Leave Your Comment

Click to reload image