छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

धान खरीदी केंद्रों में बेहतर इंतजाम, ऑनलाइन टोकन से किसानों को मिल रही सहूलियत

 बरदर उपार्जन केंद्र में 28.40 क्विंटल धान लेकर पहुंचे किसान राम कुमार, सुविधाजनक खरीदी व्यवस्था से जताया संतोष

मेहनत की उपज के मिलेंगे 88 हजार 40 रुपये, किसान ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार

एमसीबी/27 नवंबर 2026

किसानों को अपनी मेहनत की उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ऑनलाइन टोकन, पर्याप्त बारदाने और सुव्यवस्थित तौल की सुविधा से धान विक्रय की प्रक्रिया आसान हो रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम बरदर निवासी किसान राम कुमार अपनी 28.40 क्विंटल धान की उपज लेकर बरदर उपार्जन केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने खरीदी व्यवस्था एवं किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की।
ऑनलाइन टोकन सुविधा किसानों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित हो रही है। अब किसान घर बैठे टोकन प्राप्त कर निर्धारित तिथि पर अपनी धान की उपज लेकर खरीदी केंद्र पहुंच रहे हैं। इससे टोकन के लिए लंबी कतारों में खड़े होने और बार-बार खरीदी केंद्र आने की परेशानी से राहत मिली है। समय और श्रम की बचत होने से किसान खेती-किसानी के अन्य कार्यों पर भी ध्यान दे पा रहे हैं। बरदर धान उपार्जन केंद्र में पर्याप्त बारदाने, व्यवस्थित तौल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता से किसानों को धान बेचने में सहूलियत मिल रही है। खरीदी केंद्रों में सुविधाजनक वातावरण और व्यवस्थित उपार्जन प्रक्रिया से किसान आसानी से अपनी उपज का विक्रय कर पा रहे हैं।
शासन द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किए जाने से किसान राम कुमार को अपनी 28.40 क्विंटल धान की उपज के एवज में 88 हजार 40 रुपये की राशि प्राप्त होगी। मेहनत की उपज का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को खेती-किसानी एवं पारिवारिक आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक संबल मिल रहा है।
किसान राम कुमार ने धान खरीदी केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, ऑनलाइन टोकन व्यवस्था और उपज का बेहतर मूल्य मिलने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं से धान बेचना आसान हुआ है और किसानों को काफी राहत मिल रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image