पलारी उप स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद बिगड़ी हालत, धमतरी रेफर किए जाने पर माँ-बच्चे की मौत; लापरवाही के आरोपों से घिरा स्वास्थ्य तंत्र
बालोद |
2026-11-27 18:30:35
बालोद। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की सरकारी योजनाओं के बीच बालोद जिले के पलारी स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र से सामने आई एक घटना ने व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल पहुँची महिला और उसके नवजात की जान जाने से साहू परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिजनों और ग्रामीणों ने केंद्र के स्टाफ पर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि जिम्मेदार कर्मियों के बयानों में विरोधाभास दिखाई दे रहा है। इस त्रासदी के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।
जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को तालाब पार, पलारी की रहने वाली 29 वर्षीय वेद बाई साहू (पत्नी तीरथ राम साहू) को प्रसव वेदना शुरू होने पर सुबह पलारी उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। शुरुआती परीक्षण के बाद स्थिति सामान्य बताई गई, लेकिन प्रसव प्रक्रिया के दौरान बच्चे के जन्म में विलंब हुआ और शिशु की स्थिति नाजुक हो गई। नवजात को बचाने के उद्देश्य से धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया, परंतु वहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। कुछ ही समय बाद प्रसूता वेद बाई की तबीयत भी तेजी से खराब होने लगी। अधिक रक्तस्राव, तीव्र पीड़ा और उल्टी की समस्या बढ़ने पर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उन्हें धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने के थोड़ी देर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
ग्रामीण चिकित्सा सहायक सुनील कुमार देवांगन ने पूरे मामले पर अपना पक्ष रखते हुए घटनाक्रम की जानकारी दी। हालांकि, पीड़ित परिवार की शिकायतों और ग्रामीणों से बातचीत के बाद कई ऐसे बिंदु सामने आए हैं, जिनसे उपचार व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि जटिल स्थिति को समय रहते गंभीरता से नहीं लिया गया और विभागीय अनुभव का हवाला देकर मामले को सामान्य मान लिया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, प्रसव के समय केंद्र में चिकित्सक उपस्थित नहीं थे और व्यवस्था मुख्य रूप से एक आया तथा एक स्टाफ नर्स के सहारे चल रही थी, जबकि उसी दिन केंद्र में लगभग पांच प्रसव कराए गए। मृतका के पति तीरथ राम साहू और परिवारजनों का कहना है कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट किया था कि यदि यहां स्थिति संभालना संभव न हो तो उन्हें बता दिया जाए, ताकि वे समय रहते बड़े अस्पताल ले जा सकें। आरोप है कि स्टाफ ने इसे सामान्य प्रक्रिया बताकर आश्वस्त किया, जिससे कीमती समय निकल गया। परिजनों ने बिना पूर्व सूचना और सहमति के कॉपर-टी लगाए जाने तथा घटना के बाद कई दस्तावेजों पर बिना पूरी जानकारी दिए हस्ताक्षर करवाने के भी आरोप लगाए हैं।
रेफरल के दौरान साथ गए स्टाफ को लेकर भी विरोधाभासी दावे सामने आए हैं। आरएमए सुनील कुमार देवांगन का कहना है कि महिला के साथ मितानिन को भेजा गया था, जबकि मितानिन लक्ष्मी सोनवानी ने बताया कि वे बच्चे के साथ धमतरी गई थीं और उनके वापस आने से पहले ही महिला को वहां ले जाया जा चुका था। एक स्टाफ नर्स के साथ जाने के दावे पर भी सवाल उठे हैं, क्योंकि ग्रामीणों के अनुसार वे अन्य प्रसव कार्य में व्यस्त थीं। कुछ स्थानीय लोगों ने आरएमए पर निजी क्लिनिक चलाने और केंद्र की बजाय निजी प्रैक्टिस को अधिक समय देने के आरोप भी लगाए हैं। अब इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करने की मांग उठ रही है, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी पीड़ा न झेलनी पड़े।