छत्तीसगढ़ / बालोद

ग्राम पंचायतों में रोजगार सृजन को मिलेगी गति, 01 दिसंबर से शुरू होंगे विकास कार्य

बालोद । जिला पंचायत बालोद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  सुनील कुमार चंद्रवंशी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी जनपद पंचायत अधिकारियों, सरपंचों, सचिवों, रोजगार सहायकों एवं मेटों की बैठक लेकर 01 दिसंबर से सभी ग्राम पंचायतों में वीबी-जीरामजी अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को प्रारंभ करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मांग आधारित रोजगार उपलब्ध कराने तथा अधिक से अधिक श्रमिकों को कार्य से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान सीईओ  चंद्रवंशी ने सभी ग्राम पंचायतों में मांग के अनुरूप कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन एवं विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से प्रत्येक पंचायत में समयबद्ध रूप से कार्य प्रारंभ किए जाएं तथा श्रमिकों को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराया जाए।

 
 
 
 
 
 

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान सीईओ ने गुरूर विकासखंड के ग्राम पंचायत ओझागहन, धानापुरी एवं भानपुरी, गुंडरदेही विकासखंड के ग्राम पंचायत अचैद, तवेरा, ओटेबंद एवं बोडे़ना तथा डौंडी विकासखंड के ग्राम पंचायत मंगलतराई, कोंटगांव एवं गुजरा के सरपंचों से सीधे संवाद किया। उन्होंने संबंधित पंचायतों में श्रमिक मांग, कार्यों की उपलब्धता एवं कार्य प्रारंभ करने की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसके पश्चात जिला पंचायत सभा कक्ष में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, कार्यक्रम अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा के दौरान जिन ग्राम पंचायतों में वर्तमान में कार्य उपलब्ध नहीं हैं, वहां योजना के अंतर्गत अनुमेय कार्यों की पहचान कर तत्काल कार्य उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को पंचायतवार कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र स्वीकृति एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

सीईओ  चंद्रवंशी ने निर्देशित किया कि किसी भी ग्राम पंचायत में कार्यों के अभाव में श्रमिकों को रोजगार से बंचित नहीं होना चाहिए। सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं पंचायत प्रतिनिधि समन्वय स्थापित कर 01 दिसंबर से ग्राम पंचायतों में वीबी-जीरामजी के कार्य प्रारंभ करना सुनिश्चित करें, जिसने ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध हो तथा पंचायतों के विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।


 
 
 
 
 
 

Leave Your Comment

Click to reload image