सोमवती अमावस्या पर शिप्रा में नर्मदा जल से पर्व स्नान… उज्जैन में सोमतीर्थ स्थित सोमकुंड का है विशेष महत्व
उज्जैन : सोमवती अमावस्या पर सोमवार को शिप्रा में नर्मदा के जल से पर्व स्नान हो रहा है। इसके लिए विशेष रूप से नर्मदा जल छोड़ा गया था। रविवार देर शाम तक ही शिप्रा में नर्मदा का दो मिलियन क्यूबिक मीटर पानी आ चुका था। इसी जल में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं ने सोमवार को स्नान किया।
सोमतीर्थ स्थित सोमकुंड में स्नान के लिए फव्वारे लगाए गए। प्रशासन ने यहां भक्तों की सुविधा के विशेष इंतजाम किए हैं। धर्मशास्त्रीय मान्यता के अनुसार सोमवती अमावस्या में शिप्रा व सोमकुंड में स्नान का विशेष महत्व है।
इसी मान्यता के चलते सोमवार को पर्व स्नान के लिए देशभर से हजारों भक्त उज्जैन पहुंचे। सोमवती अमावस्या के धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने करीब दो मिलियन क्यूबिक मीटर नर्मदा का जल शिप्रा में छोड़ा था।
वृद्धि योग में सोमवती अमावस्या
ज्योतिषाचार्य पं.अमर डब्बावाला ने बताया सोमवार को वृद्धि योग में सोमवती अमावस्या का संयोग बना है। खास बात यह है कि यह अमावस्या दर्श अर्थात पूर्ण अमावस्या है, इसलिए इस दिन स्नान, दान का विशेष महत्व है।
इस दिन पितरों के निमित्त पितृ कर्म करने से कार्यों में आ रहे अवरोध समाप्त हो जाते हैं। सोमेश्वर महादेव के दर्शन का महत्वसोमवती अमावस्या पर सोमतीर्थ स्थित सोमकुंड में स्नान तथा श्री सोमेश्वर महादेव के दर्शन पूजन का विशेष महत्व है।
मान्यता है ऐसा करने से भक्तों को अश्वमेघ यज्ञ के समान पुण्य फल प्राप्त होता है तथा जन्म पत्रिका में चंद्रमा से संबंधित दोषों का निवारण होता है। अवरोधों की निवृत्ति के लिए श्री सोमेश्वर महादेव को सफेद रंग की वस्तु अर्पण करने का विधान है।