मनोरंजन

एण्डटीवी की अभिनेत्रियों ने बताया, उनके बैग में क्या रहता है!

 एण्डटीवी की अभिनेत्रियों ने बताया, उनके बैग में क्या रहता है!


 मुंबई, मई 2025: एक बैग सिर्फ सामान रखने की चीज नहीं है, बल्कि यह किसी की जिंदगी की खास झलक भी दिखाता है। मेकअप, दवाईयों से लेकर कुछ खास यादगार चीजों तक, बैग में रखा हर सामान उनकी आदतों, पसंद और छोटी-छोटी खुशियों के बारे में बताता है जो उनके दिन को आसान बनाती हैं। एण्डटीवी की अभिनेत्रियों ने उन चीजों के बारे में बताया, जो उनके लिये मायने रखती हैं और जिनके बिना उन्हें घर से निकलना पसंद नहीं है। इन कलकारों में शामिल हैं स्मिता सेबल (धनिया, ‘भीमा’), हिमानी शिवपुरी (कटोरी अम्मा, ‘हप्पू की उलटन पलटन’) और शुभांगी अत्रे (अंगूरी भाबी, ‘भाबीजी घर पर हैं’)।

‘भीमा‘ में धनिया की भूमिका निभा रहीं स्मिता सेबल ने बताया, ‘‘मेरे साथ हमेशा रहने वाली मेरी सबसे जरूरी चीजों में से एक बैंडेज है। आपको यह अजीब लग सकता है, लेकिन मेरी इस आदत की शुरूआत तब हुई थी, जब सेट पर एक स्पॉट ब्वॉय को चोट लगी थी और मेरे बैग में बैंडेज रखा था। मैंने तुरंत उसकी मदद की और उस पल मुझे लगा कि पहले से तैयार रहना कितना महत्वपूर्ण होता है। तब से मैंने कहीं भी जाने से पहले प्राथमिक उपचार की जरूरी चीजों को अपने साथ रखने की आदत डाल ली। इसके साथ ही मैं मेकअप के लिये जरूरी चीजें भी रखती हूँ, जिनके बिना मेरा काम नहीं चल सकता, जैसे कि हाइड्रेटिंग लिप बाम, एक छोटा-सा मिरर और काजल। थोड़ा-सा टच-अप करने से बहुत अच्छा लगता है और मैं बिल्कुल तरोताजा और कैमरे के लिये तैयार महसूस करती हूं। मेरे बैग में गुलाबजल की एक छोटी बॉटल भी रहती है और सीन्स की शूटिंग के बीच रिफ्रेश होने और नयापन लाने के लिये मुझे उस पर भरोसा है। इसके अलावा मैं मुट्ठीभर बादाम भी अपने साथ रखती हूँ। लंबे वक्त तक शूटिंग करने के दौरान बादाम खाने से मुझे एनर्जी मिलती है। मेरा बैग बाहर से साधारण दिख सकता है, लेकिन उसमें मेरे लिये जरूरी हर चीज होती है।’’

 ‘हप्पू की उलटन पलटन‘ में कटोरी अम्मा की भूमिका निभा रहीं हिमानी शिवपुरी ने कहा, ‘‘मेरा हैंडबैग एक छोटा-सा खजाना है, जिसमें मेरी जरूरतों और भावनाओं से जुड़ी चीजें हैं। मैं हमेशा एक बिस्कुट का पैकेट रखती हूँ, जो मेरे लिए नहीं, बल्कि रास्ते में मिलने वाले स्ट्रीट डॉग्स के लिए होता है। उन्हें खिलाने से मुझे बहुत सुकून और खुशी मिलती है। यह छोटी-सी कोशिश मेरे लिए बहुत मायने रखती है। इसके अलावा, मेरे बैग में चश्मा और एक अच्छी पेपरबैक नॉवल जरूर होती है। सेट पर ब्रेक के समय पढ़ना मुझे अच्छा लगता है और इससे मैं बिल्कुल रिफ्रेश हो जाती हूं। मेरे बैग में होम्योपैथिक दवाओं का एक छोटा पाउच भी होता है जिनका मैं सालों से इस्तेमाल करती आई हूँ। एक खुशबूदार रूमाल भी मेरे बैग में होता है, यह आदत मुझे थिएटर के दिनों से है। साथ ही, मेरे बैग में हैंड सैनिटाइजर, बटुआ, कंघी और फटाफट टच-अप के लिए लिपस्टिक भी रहती है। मेरे बैग की हर चीज की अपनी कहानी और मकसद है, जो उसे मेरे लिए खास बनाती है।‘‘

‘भाबीजी घर पर हैं‘ में अंगूरी भाबी का किरदार निभाने वालीं शुभांगी अत्रे ने बताया, ‘‘मेरे बैग में मिलने वाली मेरी पसंदीदा चीजों में से एक है छोटा-सा एक क्रिस्टल। यह मेरे एक करीबी दोस्त ने बहुत सोच-समझकर मुझे तोहफे में दिया था, क्योंकि उसे एनर्जी हीलिंग पर यकीन है। मैं खुद यह प्रैक्टिस बहुत अच्छी तरह से नहीं कर पाती हूँ, लेकिन यह छोटा क्रिस्टल कई सालों से मेरे साथ है। इससे मुझे बेहद शांति एवं संतुलन मिलता है, खासकर शूटिंग के व्यस्त दिनों में। मेरे बैग में एक छोटी डायरी भी होती है, जिसमें मेरे विचार, प्रेरक बातें और निजी सोच लिखी होती हैं। सफर में या सेट पर शांत पल मिलने पर मैं इसे पढ़ती हूँ, जिससे मुझे तुरंत उत्साह और ताकत मिलती है। यह मेरे लिए बहुत जरूरी है। इसके अलावा, मैं एक लाइट फ्लोरल परफ्यूम भी रखती हूँ, जो मेरा मूड तरोताजा कर देता है। एक स्किन हाइड्रेटिंग स्प्रे मुझे सीन के बीच तरोताजा रखता है, और हर्बल टी के सैशे लंबी शूटिंग के दौरान काम आते हैं। ग्लैमर के लिए मेरी पसंदीदा न्यूड लिपस्टिक और सनस्क्रीन भी हमेशा साथ रहते हैं, खासकर बाहर शूटिंग के वक्त। ये सारी चीजें मुझे स्थिरता और एनर्जी देती हैं, ताकि मैं पूरे दिन तैयार रहूँ।

देखिये ‘भीमा’ रात 8:30 बजे, ‘हप्पू की उलटन पलटन’ रात 10:00 बजे और ‘भाबीजी घर पर हैं’ रात 10:30 बजे, हर सोमवार से शुक्रवार सिर्फ एण्डटीवी पर!

Leave Your Comment

Click to reload image