फायर अलर्ट! साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर ‘पुष्पा 2’ का प्रीमियर शनिवार, 31 मई को ज़ी सिनेमा पर
2025-05-30 16:41:16
फायर अलर्ट! साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर ‘पुष्पा 2’ का प्रीमियर शनिवार, 31 मई को ज़ी सिनेमा पर
मुंबई, मई 2025: “पुष्पा सिर्फ एक नाम नहीं है, पुष्पा मतलब ब्रैंड..” वह फिल्म जिसने सारे रिकॉर्ड तोड़े, दिलों को जीता और लोगों को और देखने के लिए बेकरार छोड़ दिया। बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचाने के बाद अब पुष्पा राज एक बार फिर हमारे दिलों पर राज करने को तैयार है। इस बार पुष्पा राज वाइल्ड फायर बनकर लौटा है, एक ऐसी कहानी के साथ, जो पहले से कहीं बड़ी, ज्यादा दमदार और जबर्दस्त ड्रामा से भरपूर है। साल की सबसे बहुप्रतीक्षित ब्लॉकबस्टर ‘पुष्पा 2: द रूल’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर होने जा रहा है ज़ी सिनेमा पर, शनिवार 31 मई को शाम 7:30 बजे। यह एक ऐसी फिल्म है, जिसे पूरा परिवार साथ बैठकर देख सकता है, क्योंकि ‘पुष्पा 2’ में है एंटरटेनमेंट, इमोशंस और एक्शन का वह लेवल, जो आपने पहले कभी नहीं देखा होगा।
यह चैप्टर सिर्फ पुष्पा राज का रूल, उसकी लड़ाइयों और उसके अंदर की आग ही नहीं दिखाता है, बल्कि उसमें छिपे एक वफादार पति को भी सामने लाता है, जो किसी का भी दिल चुरा ले। जी हाँ, उसके रग्ड लुक और बिंदास अंदाज़ के पीछे छिपा है एक ऐसा इंसान, जो अपनी पत्नी से बेइंतेहा प्यार करता है, अपने परिवार के लिए खड़ा रहता है और यह साबित करता है कि असली मर्द वही होता है, जो हिफाज़त करना जानता है और इज्जत भी। यह फिल्म प्यार और वफादारी का एक जोरदार जश्न है। इसके धाँसू गाने, सीटी मार डायलॉग्स और जबर्दस्त एक्शन सीक्वेंसेज़ के साथ ‘पुष्पा 2’ बन गई है एक ऐसी फैमिली ब्लॉकबस्टर, जिसे मिस करना मुमकिन ही नहीं।
रश्मिका मंदाना ने कहा, “श्रीवल्ली उन किरदारों में से एक है, जिसके लिए मुझे सबसे ज्यादा प्यार मिला, और वक्त के साथ वह मेरे व्यक्तित्व का हिस्सा बन गई है। उसकी ताकत, उसकी गरिमा और हर परिस्थिति में सही के लिए खड़े होने की उसकी काबिलियत जैसी सारी खूबियाँ उसे मेरे लिए और दर्शकों के लिए बेहद प्रेरणादायक बनाती हैं। सिर्फ पुष्पा राज के साथ उसका रिश्ता ही उसकी पहचान नहीं है, बल्कि वह अपनी सोच और जज़्बे से पहचानी जाती है। पुष्पा 2 में उसके सफर को दोबारा जीना मेरे लिए बेहद संतोषजनक रहा, खासतौर पर यह देखना कि श्रीवल्ली में बदलाव तो आया है, लेकिन फिर भी वह अपनी सच्ची पहचान से जुड़ी हुई है। मैं बेहद आभारी हूँ कि दर्शक न सिर्फ इस कहानी से जुड़े, बल्कि श्रीवल्ली और पुष्पा के खूबसूरत रिश्ते से भी इतनी गहराई से जुड़ाव महसूस किया। हमें देश के हर कोने से जो प्यार और सराहना मिल रही है, उसने इस सफर को और भी खास बना दिया है। मैं इस बात को लेकर बेहद उत्साहित हूँ कि अब पूरे देश के दर्शक ज़ी सिनेमा पर इस फिल्म को देख पाएँगे।”
सुकुमार ने कहा, “पुष्पा 2: द रूल को जबर्दस्त रिस्पॉन्स मिला है, खास तौर पर हिंदी मार्केट में, जहाँ यह फिल्म एक रिकॉर्ड तोड़ बॉक्स ऑफिस ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इस फिल्म की असली ताकत इसके रिश्तों में है, जिसमें पुष्पा की ज़िद, श्रीवल्ली के साथ उसका रिश्ता और एक-दूसरे के लिए की गई कुर्बानियाँ शामिल हैं। पुष्पा के किरदार की जो मास अपील है, उसकी यात्रा और कहानी की जो इंटेंसिटी है, वही दर्शकों से इसकी गहराई से जोड़तीहै, फिर वह चाहे किसी भी भाषा या राज्य के हों। ‘पुष्पा 2: द रूल’ एक ऐसी फिल्म है, जिसका टेलीविज़न पर बेसब्री से इंतज़ार हो रहा था। और अब, ज़ी सिनेमा पर इसके वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर के साथ, पूरे परिवार एक साथ बैठकर इस ग्रैंड सफर को अपने घर पर सुकून से एंजॉय कर सकते हैं।“
‘पुष्पा 2: द रूल’ की कहानी वहीं से शुरू होती है, जहाँ पहले भाग का धमाकेदार क्लाइमैक्स हुआ था। अब दर्शक दोबारा पुष्पा राज (अल्लू अर्जुन) की सख्त और जोखिम भरी दुनिया में कदम रखेंगे। इस सीक्वल में पहले से बड़ा दाँव लगा है, क्योंकि इस बार पुष्पा का सामना होगा भंवर सिंह शेखावत (फहाद फाज़िल) और कई खतरनाक दुश्मनों से। साथ ही, उसकी अपनी जिन्दगी के गहरे भावनात्मक संघर्ष भी सामने आते हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पुष्पा अपने दुश्मनों से एक कदम आगे रहेगा या कहानी में आएगा कोई बड़ा ट्विस्ट?
तो तैयार हो जाइए, अपनों को साथ बैठाइए और देखिए ‘पुष्पा 2: द रूल’ का धमाकेदार वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर, 31 मई, शनिवार को शाम 7:30 बजे, सिर्फ ज़ी सिनेमा पर, क्योंकि जब पुष्पा राज सीना तानकर निकलता है, तो दुनिया देखती रह जाती है।