महावतार नरसिम्हा ने पार किया ₹70 करोड़ का आंकड़ा
दूसरे सोमवार को भी शानदार ₹4.70 करोड़ की कमाई
मुंबई । क्लीम प्रोडक्शंस और होम्बले फिल्म्स की एनिमेटेड ब्लॉकबस्टर महावतार नरसिम्हा हिंदी बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। दूसरे सोमवार को फिल्म ने ₹4.70 करोड़ की कमाई करते हुए कुल हिंदी कलेक्शन को ₹70.34 करोड़ तक पहुंचा दिया है। यह फिल्म अब ₹100 करोड़ क्लब की ओर मजबूती से अग्रसर है।
पिछले वीकेंड की जोरदार कमाई के बाद भी सोमवार को फिल्म की रफ्तार में कोई कमी नहीं आई, जो इसके मजबूत कंटेंट और दर्शकों के बीच लोकप्रियता को दर्शाता है। महावतार नरसिम्हा ने साबित कर दिया है कि एनिमेशन भी मेनस्ट्रीम भारतीय सिनेमा में बड़े पैमाने पर दर्शकों को खींच सकता है।
होम्बले फिल्म्स की यह महत्वाकांक्षी फ्रेंचाइज़ी भगवान विष्णु के दस अवतारों पर आधारित है, जिसकी अगली कड़ियाँ तय की जा चुकी हैं — महावतार परशुराम (2027) से लेकर महावतार कल्कि पार्ट 2 (2037) तक।
फिल्म का निर्देशन अश्विन कुमार ने किया है और इसे शिल्पा धवन, कुशल देसाई व चैतन्य देसाई ने प्रोड्यूस किया है। महावतार नरसिम्हा को 3D और पांच भारतीय भाषाओं में भव्य तकनीकी प्रस्तुति के साथ रिलीज़ किया गया है।
फिल्म की लोकप्रियता यह दिखाती है कि भारतीय पौराणिक कथाओं को आधुनिक तकनीक और सशक्त कहानी के साथ प्रस्तुत कर बड़े दर्शक वर्ग को जोड़ा जा सकता है।