मनोरंजन

गीतांजलि मिश्रा ने उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर लिया आशीर्वाद!

मुंबई, अक्टूबर 2025: एण्डटीवी के लोकप्रिय शो ‘हप्पू की उलटन पलटन’ में चुलबुली राजेश का किरदार निभा रही गीतांजलि मिश्रा अपनी ऑन-स्क्रीन अदाओं के साथ-साथ भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था के लिए भी मशहूर हैं। सच्ची शिव भक्त गीतांजलि का मानना है कि भोलेनाथ के आशीर्वाद से ही उन्हें जीवन में शक्ति, शांति और सृजन की प्रेरणा मिलती है। हाल ही में उन्होंने अपने व्यस्त शूटिंग शेड्यूल से समय निकालकर उज्जैन स्थित पवित्र महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए और भगवान महाकाल से आशीर्वाद लिया।


अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा के बारे में बात करते हुए गीतांजलि मिश्रा उर्फ़ राजेश ने कहा, “जैसे ही मैं उज्जैन पहुंची, मुझे वहाँ की हवा में एक अनकही ऊर्जा महसूस हुई। ‘हर हर महादेव’ के जयघोष और महाकाल मंदिर का आध्यात्मिक वातावरण मेरे मन को शांति से भर गया। शाम की आरती के समय जब मैं शिवलिंग के सामने हजारों भक्तों के बीच खड़ी थी, वह अनुभव शब्दों से परे था। उस पल की हर ध्वनि, हर भावना एक दिव्य संगीत की तरह आत्मा को छू गई।”

भगवान शिव की परम भक्त गीतांजलि मिश्रा का मानना है कि शिव केवल बुराई के संहारक ही नहीं, बल्कि संतुलन और आंतरिक शांति के प्रतीक भी हैं। उन्होंने कहा, “जब भी मैं किसी शिव मंदिर में जाती हूं, मुझे मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक रूप से नई ऊर्जा मिलती है। महाकाल की उपस्थिति इतनी शक्तिशाली है, फिर भी उसमें गहरी करुणा है।‘‘ गीतांजलि ने मुस्कुराते हुए और हाथ जोड़कर श्रद्धा से नतमस्तक होते हुए कहा, ‘‘मैंने अपने परिवार, हप्पू की उलटन पलटन की पूरी टीम और उन सभी लोगों के लिए प्रार्थना की जो हम पर अपना प्यार बरसाते हैं।‘‘ महाकाल का आशीर्वाद लेने के बाद गीतांजलि ने उज्जैन के रंग और रौनक में खुद को डुबो दिया। उन्होंने शहर के मशहूर पोहा-जलेबी नाश्ते का स्वाद लिया, बाजारों में दाल-बाफला का आनंद उठाया और शाम ढलते वक्त रामघाट पर टहलते हुए शिप्रा नदी में झिलमिलाती रोशनी को निहारा। उन्होंने कहा, “उज्जैन की यह पवित्र धरती आपको अपनी जड़ों से जोड़ देती है और जीवन के प्रति आभार का एहसास कराती है। यहां आकर आत्मा को सुकून मिला और जीवन में जो कुछ भी मिला है उसके लिए मन और भी कृतज्ञ हो गया।”

 

गीतांजलि मिश्रा को निडर और चुलबुली राजेश के रूप में देखिये, ‘हप्पू की उलटन पलटन‘ में, हर सोमवार से शुक्रवार, रात 10 बजे सिर्फ एण्डटीवी पर!

Leave Your Comment

Click to reload image