‘मिर्जापुर: द मूवी’ में भौकाल के बीच छाया इश्क! ‘सांसों की माला’ दिखी दिल छू लेने वाली केमिस्ट्री
मुंबई । ‘मिर्जापुर’ की दुनिया का भौकाल अब सिल्वर स्क्रीन पर भी अपना जलवा दिखा रहा है। पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु और अली फज़ल स्टारर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म की रिलीज के बाद अब मेकर्स ने फैंस को एक और खास सरप्राइज दिया है। फिल्म के चर्चित गाने ‘सांसों की माला’ का लिरिकल वीडियो रिलीज कर दिया गया है।
जहां ‘मिर्जापुर’ की दुनिया एक्शन, सत्ता, बदले और भौकाल के लिए पहचानी जाती है, वहीं इस गाने में इसी कहानी के बीच प्यार और रिश्तों का खूबसूरत रंग देखने को मिल रहा है। लिरिकल वीडियो में फिल्म की अलग-अलग जोड़ियों की झलक दिखाई गई है, जिनकी केमिस्ट्री गाने को एक अलग ही एहसास देती नजर आती है।
भौकाल के बीच इश्क का रंग
‘सांसों की माला’ के जरिए मेकर्स ने ‘मिर्जापुर’ के किरदारों की दुनिया का एक रोमांटिक और इमोशनल पहलू सामने रखा है। गाने में रिश्तों की नजाकत और किरदारों के बीच की बॉन्डिंग को खूबसूरती से पेश किया गया है।
आइकॉनिक ट्रैक को नए अंदाज में पेश करते हुए मेकर्स ने दर्शकों को पुरानी यादों और नए सिनेमाई अनुभव का कॉम्बिनेशन देने की कोशिश की है। गाने की धुन और विजुअल्स ‘मिर्जापुर’ की रॉ दुनिया के बीच एक अलग तरह का सुकून देते हैं।
मधुर शर्मा की आवाज ने लगाया सुरों का तड़का
‘सांसों की माला’ को मधुर शर्मा ने अपनी आवाज दी है। वहीं वैभव पानी ने गाने को प्रोड्यूस करने के साथ इसे कंपोज भी किया है। गाने के बोल नुसरत फतेह अली खान के हैं।
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर लिरिकल वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “सांसों की माला पे, सिमरूं मैं पी का नाम।” इसके साथ ही उन्होंने बताया कि ‘सांसों की माला’ का लिरिकल वीडियो अब रिलीज हो चुका है।
थिएटर्स में जारी है ‘मिर्जापुर’ का भौकाल
अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है।
फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु में सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और अब फिल्म के इस नए गाने ने दर्शकों के बीच फिर से चर्चा तेज कर दी है।