Salman Khan के पिता Salim Khan को धमकी देने वाली महिला की पहली फोटो आई सामने, बुर्का पहने बाइक पर दिखी सवार
नई दिल्ली। सलमान खान के घर पर फायरिंग के महीनों बाद सलीम खान को धमकी मिली है। बीते दिन मॉर्निंग वॉक पर गए लेखक को एक महिला ने धमकाया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की। सोशल मीडिया पर उस महिला की एक तस्वीर सामने आई है।
हुआ यूं कि 19 सितंबर की सुबह सलीम खान मुंबई की सड़क पर मॉर्निंग वॉक करने निकले। वॉक के दौरान जब वह थककर एक बेंच पर बैठ गए, तभी बाइक पर सवार एक बुर्के वाली महिला ने उन्हें धमकी दी और कहा, "लॉरेंस बिश्नोई को बुलाऊं?"
सलीम खान को धमकी देने वाली महिला सीसीटीवी में कैद
अब सोशल मीडिया पर सलीम खान को धमकी देने वाली महिला की फोटो वायरल हो रही है। तस्वीर में देखा जा सकता है कि महिला ब्लैक कलर का बुर्का पहनी है और एक शख्स के साथ बाइक की बैकसीट पर बैठी है। बुर्के की वजह से महिला का चेहरा दिखाई नहीं दे रहा है, लेकिन शख्स का चेहरा साफ दिख रहा है। सीसीटीवी में कैद हुए दोनों की ये तस्वीर इंटरनेट पर वायरल हो रही है। कहा जा रहा है कि सीसीटीवी की मदद से एक की गिरफ्तारी भी हो गई है।
सलमान खान के घर पर हुआ था हमला
इसी साल अप्रैल के महीने में सुबह-सुबह सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग हुई थी। बाइक सवार ने कई राउंड फायरिंग की और वहां से फरार हो गए थे। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद एक आरोपी ने कहा था कि वह लॉरेंस बिश्नोई से प्रेरित था, इसलिए उसने ऐसा किया है। मालूम हो कि सलमान खान को लंबे समय से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जान से मारने की धमकी मिल रही है।
क्यों सलमान खान को मिल रही धमकी?
लॉरेंस बिश्नोई और सलमान खान के बीच दुश्मनी की सबसे बड़ी वजह काला हिरण केस है। साल 1998 में सलमान खान पर जोधपुर में 3 काले हिरणों और 2 चिंकारा का शिकार करने का आरोप लगा था। इसके चक्कर में अभिनेता को जेल भी हो चुकी है। एक बार लॉरेंस ने कहा था कि वह सलमान से माफी चाहता है।