मनोरंजन

फैमिली मैन 3 में अहम भूमिका में होंगे जयदीप अहलावत, इस बार नागालैंड की तरफ बढ़ी कहानी

नई दिल्ली। पाताल लोक और द बोकेन न्यूज के बाद अभिनेता जयदीप अहलावत के हाथों एक और वेब सीरीज लगी है। हालांकि, इस बार सेट पर उनका सामना इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन अभिनेताओं में गिने जाने वाले मनोज बाजपेयी से होना है।

जी हां, मनोज बाजपेयी अभिनीत वेब सीरीज द फैमिली मैन के तीसरे सीजन का हिस्सा जयदीप बने हैं। हालांकि, शो में उनकी भूमिका को लेकर अभी ज्यादा जानकारियां सामने नहीं आई हैं। इतना जरूर है कि शो में उनकी भूमिका काफी अहम होगी।

पाताल लोक वेब सीरीज और जाने जान फिल्म में अपने अभिनय के लिए खूब सराहना बटोरने वाले जयदीप के सामने इस शो में अपनी परफार्मेंस को लेकर भी दबाव होगा क्योंकि शो के पिछले दो सीजन में मनोज और शारिब हाशमी जैसे कलाकारों ने अपना काम बखूबी किया है।

कहानी देश के पूर्वोत्तर राज्य नागालैंड में जाएगी

इसके अलावा खबरें यह भी है कि तीसरे सीजन में शो की कहानी देश के पूर्वोत्तर राज्य नागालैंड में जाएगी। जिसके लिए शो की टीम फिलहाल नागालैंड की राजधानी कोहिमा में शूट भी कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, शो की टीम सितंबर के शुरुआत में ही नागालैंड रवाना हो गई थी और अक्टूबर तक वहां शूट करेगी। शो में असम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के कुछ स्थानीय कलाकारों को भी कास्ट करने की खबरें हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image